Thursday 24 October 2013

दोपहर समाचार
दिनांक : २४ अक्तूबर, २०१३
दोपहर समाचार
१४१५
मुख्य समाचार :
  • प्रधानमंत्री ने कहा-भारत और चीन को सीमा मुद्दे का जल्द समाधान करना चाहिए। डॉक्टर मनमोहन सिंह रूस और चीन की यात्रा के बाद स्वदेश रवाना।
  • कृषि मंत्री शरद पवार ने कहा-महाराष्ट्र में अधिक वर्षा के कारण प्याज की फसल को हुए नुकसान की भरपाई के लिए केन्द्र राज्य को नौ सौ इक्कीस करोड़ रूपये देगा।
  • आंध्रप्रदेश में अधिकतर भागों में लगातार वर्षा के कारण जनजीवन प्रभावित।
  • जाने माने गायक मन्ना डे का लम्बी बीमारी के बाद बंगलौर में निधन।
  • सेंसेक्स के २१ हजार के आंकड़े को पार करने के बाद बाजार में उतार-चढ़ाव जारी, रूपया डॉलर के मुकाबले १३ पैसे मजबूत। एक डॉलर ६१ रूपये ४६ पैसे का।
  • फ्रैंच ओपन सुपर सीरीज बैडमिन्टन टूर्नामेंट में आज पेरिस में सायना नेहवाल और चार अन्य भारतीय खिलाड़ी प्री-क्वार्टर फाइनल मैच खेलेंगे।
----
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा है कि भारत और चीन को एक-दूसरे के हितों और संप्रभुता के प्रति संवेदनशीलता दिखानी चाहिये और सीमा मुद्दे को जल्द सुलझाने का प्रयास करना चाहिये। आज पेइचिंग में कम्युनिस्ट पार्टी सेंट्रल स्कूल को संबोधित करते हुये डॉक्टर मनमोहन सिंह ने यह बात कही।

सीमा विवाद को सुलझाने की ओर हम लगातार बढ़ रहे हैं। राजनीतिक मानदण्डों और सिद्धान्तों पर सहमत होने के बाद अब हम सीमा विवाद को सुलझाने के लिए दोनों देशों को स्वीकार्य तौर-तरीकों पर चर्चा कर रहे हैं।

डॉक्टर मनमोहन सिंह ने दोनों देशों के बीच  सहयोग बढ़ाने के लिए सात सिद्धांतों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि समावेशन  और गठबंधन के पुराने सिद्धांत अब प्रासंगिक नहीं रह गये हैं।  उन्होंने कहा कि पंचशील के सिद्धांतों के प्रति समर्पित रहने की जरूरत है और आपसी संबंध ऐसे होने चाहिये जिसमें दोनों देश एक-दूसरे के प्रति सम्मान और समान सुरक्षा की भावना रखें। उन्होंने कहा कि भारत ने बड़े देशों के बीच नये प्रकार के संबंधों के बारे में राष्ट्रपति शी चिनपिंग की अवधारणा का स्वागत किया है। 

प्रधानमंत्री दो देशों की सफल यात्रा के बाद स्वदेश के लिए रवाना हो गये हैं। उन्होंने दोनों देशों के बीच सहयोग के लिए छह सूत्री दिशानिर्देशों  का जिक्र करते हुये, चीनी कारोबारियों को भारत में निवेश के लिए आमंत्रित किया। प्रधानमंत्री ने दोनों पड़ोसी देशों के बीच आठ विशेष क्षेत्रों में सहयोग पर जोर दिया। ये क्षेत्र हैं-ढांचागत व्यवस्था का विस्तार तथा आधुनिकीकरण, कृषि उत्पादकता में वृद्धि, विर्निर्माण तथा  सेवाएं, ऊर्जा सुरक्षा, जलवायु परिवर्तन और आतंकवाद। 

पड़ोस में पनप रहा आतंकवाद, अलगाववाद और कट्टरवाद से दोनों देश प्रभावित हो रहे हैं, जिससे पूरे एशियाई क्षेत्र में अस्थिरता पैदा होने का खतरा है। इसी प्रकार प्रशान्त और हिन्द महासागर क्षेत्र की सुरक्षा हमारी अर्थव्यवस्था के लिए वैसी ही महत्वपूर्ण है जैसे ऊर्जा सुरक्षा के लिए पश्चिम एशिया और खाड़ी देशों में शान्ति और स्थिरता।

हमारे संवाददाता ने खबर दी है कि प्रधानमंत्री का सबने खड़े होकर स्वागत किया और भारत-चीन एक नये युग विषय पर उनके संबोधन की श्रोताओं ने मुक्त कंठ से प्रशंसा की।

आज डॉक्टर मनमोहन सिंह ने बीजिंग में चीन की कम्युनिस्ट पार्टी के केन्द्रीय स्कूल में अपने सम्बोधन और प्र्रश्नोत्तर सत्र में बार-बार सीमाओं पर शान्ति बनाये रखने की बात पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सीमा पर शान्ति वह मूल आधार है जिस पर भारत और चीन की रणनीतिक साझेदारी आगे बढ़ सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत और चीन एक दूसरे के विरोधी नहीं बल्कि प्रगति में साझेदार हैं। डॉक्टर सिंह ने कहा कि दुनिया में दोनों देशों के लिए अपने देश की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए पर्याप्त जगह है जहां वे एक दूसरे को विपरीत तरीके से प्रभावित किये बगैर आगे बढ़ सकते हैं। सुनील शुक्ला के साथ बीजिंग से संत बहादुर
-----
कृषिमंत्री शरद पवार ने कहा है कि बहुत ज्यादा वर्षा की वजह से प्याज की फसल को नुकसान पहुंचने के कारण केन्द्र सरकार महाराष्ट्र को लगभग ९२२ करोड़ रूपये उपलब्ध कराएगी। आज नई दिल्ली में आयोजित एक समारोह में श्री पवार ने कहा कि प्याज की ऊंची कीमतें केवल अस्थाई हैं और अगले दो तीन हफ्‌तों में इनके कम हो जाने की आशा है। अत्यधिक वर्षा के कारण हुई क्षति के बावजूद प्याज के उत्पादन में कमी आने की संभावना नहीं है। वाणिज्यमंत्री आनंद शर्मा ने भी कहा कि देश में प्याज की कोई वास्तविक कमी नहीं है और अगले कुछ हफ्‌तों में इसकी कीमतों में कमी  आ जाने की आशा है। 
-----
राष्ट्रीय राजधानी में उचित मूल्य पर प्याज बेचने की अनुमति के लिए दिल्ली सरकार निर्वाचनआयोग से सम्पर्क करेगी। मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने इस सिलसिले में कृषिमंत्री शरद पवार और खाद्यमंत्री के वी थॉमस के साथ बातचीत की। श्रीमती दीक्षित ने कहा कि दिल्ली के मुख्य सचिव इस बारे में आज निर्वाचन आयोग को एक पत्र लिखेंगे।
-----
आन्ध्र प्रदेश में अधिकतर भागों में लगातार वर्षा के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। राज्य में बंगाल की खाड़ी में बने हवा के कम दबाव के क्षेत्र और पूर्वोत्तर मॉनसून के प्रभाव से बारिश हो रही है। कई नदियां उफान पर हैं ।  विशेषकर तटीय जिलों में भारी वर्षा हो रही है।

राज्य प्रशासन ने राहत कार्य शुरु कर दिए हैं। हैदराबाद और जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष बनाए गए हैं। जिला कलैक्टरों को निर्देश दिए गए हैं कि वे निचले इलाकों के निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचायें और राहत शिविर बनाये जायें। राष्ट्रीय आपदा कार्रवाई बल की आठ टीमें भेजी गयी हैं। आपदा प्रबंधन अधिकारियों ने हमारे संवाददाता को बताया कि राज्य में वर्षा से जुड़ी घटनाओं में नौ लोगों की मौत हो चुकी है। 

इस बीच दक्षिण-मध्य रेलवे ने श्रीकाकुलम जिले में पूर्वी रेलवे सैक्शन पर इचापुर और झादुपुड़ी के बीच रेल पटरियों पर पानी भर जाने के कारण दस से अधिक एक्सप्रेस रेलगाड़ियों के मार्ग बदले हैं। दक्षिण-मध्य रेलवे ने यात्रियों को जानकारी देने के लिए विजयवाड़ा, राजामुंदरी, ओंगोल और नेल्लोर सहित सभी बड़े स्टेशनों पर हेल्पलाइन स्थापित की हैं।
विजयवाड़ा का नम्बर है -० ८ ६ ६- २ ५ ७ ५ ० ३ ८,  २ ७ ६ ७ ० ७ ५
राजामुंदरी का नम्बर है - ० ८ ८ ३ -२ ४ २ ० ७ ८ ० , २ ४ २ ० ५ ४ १
ओंगोल का नम्बर है - ० ८ ५ ९ २ - २ ८ ० २ ० ३, २ ८ ० २ ० ४
नेल्लोर का नम्बर है - ० ८ ६ १, २ ३ ४ ५ ८ ६ ३, २ ३ ४ ५ ८ ६ ४  
-----        
पाकिस्तान ने जम्मू कश्मीर में कल जम्मू डिवीजन के सांबा जिले में भारतीय अग्रिम चौकियों को निशाना बनाकर एक बार फिर अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया। पाकिस्तानी रेंजरो ने रात लगभग ११ बजे अकारण गोलीबारी की, जो मध्य रात्रि के बाद तक चली। हमारे संवाददाता ने बताया है कि पाकिस्तानी  रेंजरो ने रामगढ़ सैक्टर में अग्रिम चौकियों पर मोर्टार से गोले दागे। 

भारतीय अग्रिम चौकियों को अपना निशाना बनाने के साथ साथ पाकिस्तानी रेंजरों ने रामगढ़ सेक्टर में एक बार फिर आम नागरिकों को अपनी गोलीबारी का निशाना बनाया है जिससे कई मकानों को भी क्षति पहुंची है। रामगढ़ सैक्टर के नंगा गांव में पाकिस्तानी रेंजरों द्वारा फेंका गया एक मोर्टार एक मकान की छत पर गिरा, जिससे मकान को जबर्दस्त नुकसान पहुंचा मगर घर के अन्दर से लोग बड़ी मुश्किल से बच निकल आये हैं। सीमा सुरक्षा बल की एक चौकी पर तैनात जवान भी उस वक्त बाल-बाल बचे जब रेंजरों द्वारा दागा गया मोर्टार चौकी से कुछ दूर गिर कर फट गया। सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने पाकिस्तानी रेंजरों की गोलीबारी का भरपूर जवाब देकर गोलाबारी बंद करने पर मजबूर कर दिया। आकाशवाणी समाचार के लिए जम्मू से आर० के० रैना। 
-----
जाने-माने गायक मन्ना डे का आज सवेरे लम्बी बीमारी के बाद बंगलौर के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया है। वे ९४ वर्ष के थे । मन्नाडे ने सवेरे तीन बजकर पचास मिनट पर आखिरी सांस ली। उन्हें फेफड़े में संक्रमण था। एक नजर उनके संगीत सफर पर-
दशकों तक अपनी जादुई आवाज+ से संगीत की दुनिया को रोशन करने वाले मन्ना डे की आवाज+ आज थम गई। उन्होंने हिन्दी, बंग्ला, गुजराती, मराठी और असमिया भाषा में साढे+ तीन हजार गानों को अपनी अनूठी आवाज से सजाया। १९५० से १९७० के दशक में हिन्दी संगीत जगत में प्रसिद्ध मोहम्मद रफी और किशोर कुमार के साथ मन्ना दा का वर्चस्व रहा। मन्ना डे को बंग्ला फिल्म निशी पदमा और हिन्दी फिल्म मेरे हुजूर के लिए बेस्ट मेल प्लेबैक सिंगर के राष्ट्रीय पुरस्कार से नवाजा गया। मन्ना डे को १९७१ में पदमश्री, २००५ में पदमभूषण और २००७ में दादा साहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। १९४२ में तमन्ना फिल्म में उन्हें पहली बार पार्श्व गायन का मौका मिला। उन्होंने कई रोमेंटिक, शास्त्रीय से लेकर हल्के फुल्के गाने गाये।

पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि मन्ना डे के पार्थिव शरीर को आज दोपहर तक बंगलोर के रविन्द्र कला क्षेत्र में लोगों के दर्शनार्थ रखा जायेगा और शाम को अंतिम संस्कार किया जायेगा।  राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी और प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने महान गायक मन्ना डे के निधन पर शोक व्यक्त किया है। अपने संदेश में श्री मुखर्जी ने कहा कि मन्ना डे के  निधन से देश ने एक ऐसे बहुमुखी तथा रचनात्मक प्रतिभा के कलाकार को खो दिया है, जिसने अपनी मनमोहक आवाज से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया था। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि मन्ना डे की आवाज अनोखी थी और उन्होंने रबीन्द्र संगीत तथा संगीत की अन्य लोकप्रिय विधाओं में  बेमिसाल गायन किया था। डॉ० सिंह ने कहा कि मन्ना डे अपने गाये हुए गीतों से हमेशा अमर रहेंगे। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और सूचना तथा प्रसारण मंत्री मनीष तिवारी ने भी मन्ना डे के निधन पर दुख व्यक्त किया है। 

मन्ना डे जी की संगीत की दुनिया में एक उनकी अलग पहचान थी और कई दशकों से उन्होंने भारतीय फिल्म जगत को अपने सुरों से सवारा था और एक पूरी जेनरेशन उनके गानों को सुनती हुई बड़ी हुई है। तो इसलिए ये जो वाकया है अत्यन्त ही दुखद है और हम उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि देते हैं। 
-----
बम्बई शेयर बाजार के तीसरे पहर के कारोबार में सेन्सेक्स में उतार-चढ़ाव जारी है। शुरूआती कारोबार में सेन्सेक्स ८१ अंक के सुधार के साथ २० हजार ८४९ पर खुला और दो सौ अंक से अधिक चढ़ने के बाद २१ हजार के मनोवैज्ञानिक स्तर को पार कर गया, लेकिन बाद में इसमें उतार-चढ़ाव जा सिलसिला जारी रहा और  अब से कुछ देर पहले सेन्सेक्स छह अंक की गिरावट के साथ बीस हजार ७६२ पर था।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी दो अंक घटकर छह हजार १७६ पर था।
अन्तरबैंक विदेशी मुद्राबाजार में डॉलर के मुकाबले रूपये की कीमत में शुरूआती गिरावट के बाद तेरह पैसे की मजबूती आयी है। एक डॉलर की कीमत ६१ रूपये ४६ पैसे बोली गयी।
-----
विश्व की चौथी वरीयता प्राप्त भारत की सायना नेहवाल और चार अन्य बैडमिंटन खिलाड़ी आज पेरिस में फ्रैंच ओपन सुपर सीरीज बैडमिंटन प्रतियोगिता में अपना प्री-क्वाटर्र फाइनल मैच खेलेंगे।  महिला सिंगल्स में सायना का मुकाबला कोरिया की योन जू बाये से  और पी० वी० सिंधू का मुकाबला स्कॉटलैंड की क्रिस्टी गिलमोर से होगा। पुरूष सिंगल्स मैच में भारत के अजय जयराम मलेशिया के चॉंग वी ली से भिड़ेंगे जबकि श्रीकांत के० का मुकाबला थाइलैंड के बूनसाक पोनसाना से होगा और आनंद पवार थाइलैंड के ही एक अन्य खिलाड़ी तानोंगसाक साएनसोमबूनसूक से खेलेंगे। 

No comments:

Post a Comment