Wednesday 10 April 2013


१० अप्रैल, २०१३
समाचार प्रभात 
०८००
मुख्य समाचार :
  • संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने दक्षिण सूडान में संयुक्त राष्ट्र मिशन के पांच भारतीय सैनिकों के मारे जाने की निंदा की और इसे युद्ध अपराध बताया।
  • प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह जर्मनी की तीन दिन की यात्रा पर आज बर्लिन जा रहे हैं। भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर होने की संभावना।
  • दिल्ली उच्च न्यायालय ने केंद्र से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया पर नियंत्रण के लिए वैधानिक विनियामक संस्था बनाने को कहा।
  • उच्चतम न्यायालय ने १९८४ के दंगों के सिलसिले में चार लोगों की आजीवन कारावास की सजा की पुष्टि की।
  • तमिलनाडु में अराकोण्णम के पास रेल दुर्घटना में चार लोगों की मृत्यु।
  • ईरान के बुशेर प्रांत में छह दशमलव तीन तीव्रता के भूकंप में ३७ लोगों की मृत्यु।
---- 
संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून ने दक्षिणी सूडान में संयुक्त राष्ट्र मिशन के एक काफिले पर हुए हमले में पांच भारतीय सैनिकों के मारे जाने की कड़ी निंदा की है। संयुक्त राष्ट्र महासचिव के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा है कि यह युद्ध अपराध की कार्रवाई है और इसे अंजाम देने वालों को सजा मिलनी चाहिए। सूडान के जोंगलेई राज्य के गुरुमुक इलाके में संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन के ३२ सदस्यों के काफिले पर हुए हमले में एक लेफ्टिनेंट कर्नल सहित पांच भारतीय सैनिक मारे गए थे और चार घायल हो गए थे। 
रक्षामंत्री ए.के. एंटनी ने दक्षिण सूडान में भारतीय सैनिकों के मारे जाने पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने शहीदों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए सैनिकों के बहादुरी की सराहना की। 
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सैयद अकबरूद्दीन ने बताया है कि ये हमला उस समय हुआ जब शांति सैनिक संयुक्त राष्ट्र के काफिले को सुरक्षा प्रदान कर रहे थे। 

दक्षिणी सूडान में हमारे राजदूत संयुक्त राष्ट्र अधिकारियों के संपर्क में हैं। उम्मीद है कि संयुक्त राष्ट्र के सहयोग से जवानों का पार्थिव शरीर भारत लाया जाएगा। पूरे मामले की छानबीन की जाएगी। 
---- 
प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जर्मनी की तीन दिन की सरकारी यात्रा पर आज बर्लिन के लिए रवाना हो रहे है। इस दौरान दोनों देशों के बीच शिक्षा, विज्ञान और प्रौद्योगिकी तथा स्वच्छ ऊर्जा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में समझौते होने की संभावना है। डॉ. मनमोहन सिंह का कल औपचारिक स्वागत किया जाएगा, जिसके बाद वे शिष्टमंडल स्तर और आपसी मुद्दों पर शिखर वार्ता करेंगे। प्रधानमंत्री के साथ विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद, विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री जयपाल रेड्डी, नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री फारुख अब्दुल्ला और मानव संसाधन विकास मंत्री पल्लम राजू भी जा रहे हैं। 
हमारे संवाददाता ने खबर दी है कि यात्रा के दौरान, प्रधानमंत्री दूसरे दौर की अंतर-सरकारी वार्ता की अध्यक्षता करेंगे। पहले दौर की वार्ता २०११ में, जर्मनी की चांसलर आंगेला मैर्कल की भारत यात्रा के समय हुई थी। 
भारत-यूरोपीय संघ समझौते को जल्दी अंतिम रूप देने पर भारत जोर देगा ताकि दोनों देशों के लिए अर्थव्यवस्था के क्षेत्र में नये अवसर खुल सकें। डॉ. मनमोहन सिंह भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते सहित अन्य व्यापक मुद्दों पर आंगेला मैर्कल के साथ चर्चा करेंगे। दोनों देशों के बीच व्यापार और वाणिज्य, विज्ञान और प्रौद्योगिकी तथा व्यावसायिक शिक्षा और संस्कृति में सहयोग पर खास तौर से चर्चा होगी। जर्मनी की चांसलर सुश्री आंगेला मैर्कल की २०११ में भारत यात्रा के बाद, यह डॉ. मनमोहन सिंह की पहली जर्मनी यात्रा है। दोनों देशों ने पिछले वर्ष २० अरब यूरो का व्यापार लक्ष्य प्राप्त कर लिया था। डॉ. मनमोहन सिंह शुक्रवार को जर्मनी के राष्ट्रपति से भी मुलाकात करेंगे। 
---- 
भारत ने कहा है कि वह यूरोप से भारतीय निवेशकों और पेशेवरों के लिए अपने दरवाजे खुले रखने का प्रस्ताव करेगा। प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह ने बर्लिन के लिए रवाना होने से पहले कहा कि वे भारत और यूरोपीय संघ के बीच संतुलित व्यापार और निवेश समझौते को शीघ्र अंतिम रूप देने के लिए सुश्री मैर्कल का समर्थन मांगेंगे। उन्होंने कहा कि भारत, जर्मनी के साथ बेहतर व्यापार और निवेश संबंध कायम करना चाहता है। 
----
दिल्ली उच्च न्यायालय ने केन्द्र सरकार से सिफारिश की है कि वह इलेक्ट्रॉनिक मीडिया पर नियंत्रण के लिए एक वैधानिक नियामक संस्था बनाए। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री टोनी ब्लेयर के एक भाषण का हवाला देते हुए न्यायाधीश प्रदीप नन्दराजोग की अध्यक्षता वाली खंडपीठ ने कल प्रसारण कर्ताओं के लिए आत्मनियमन का विचार नामंजूर कर दिया। श्री ब्लेयर ने अपने भाषण में मीडिया को ÷÷वहशी जानवर'' की संज्ञा दी थी। खंडपीठ ने कहा कि सरकार के हस्तक्षेप के अभाव में उचित मीडिया माहौल की गारंटी नहीं दी जा सकती। दूसरी तरफ अदालत ने यह व्यवस्था भी दी कि बहु-समुदाय और विविधता के माहौल वाले उपयुक्त मीडिया वातावरण को बढ़ावा देने के लिए सरकारी हस्तक्षेप अनिवार्य है। अदालत ने कहा कि नियामक संस्था यह सुनिश्चित करने के लिए जरूरी है कि मीडिया संगठन केबल टेलीविजन नेटवर्क (विनियमन) अधिनियम १९९५ और केबल टेलीविजन नेटवर्क नियम १९९४ का अनुपालन करें। 
----
पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद राजधानी दिल्ली में सिखों के प्रति हुई हिंसा के लगभग तीस वर्ष बाद, उच्चतम न्यायालय ने दो लोगों को जिंदा जलाने वाले चार दोषियों की उम्रकैद की सजा की पुष्टि की है। न्यायालय ने कहा कि आरोपियों को बरी करने के निचली अदालत के फैसले को दिल्ली उच्च न्यायालय द्वारा पलटा जाना ठीक था। 
न्यायमूर्ति पी. सतासिवम और एम. वाई इकबाल की पीठ ने उच्च न्यायालय के फैसले को सही ठहराते हुए कहा कि मृतकों के शव बरामद न हो सकने और गवाहों के बयान में मामूली अंतर के आधार पर इस जघन्य हत्या कांड के दोषियों को बरी नहीं किया जा सकता। 
----

ईरान में बुशेर शहर के पास आए भूकंप में मरने वालों की संख्या सैंतीस हो गई है। भूकंप में साढे आठ सौ से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। भूकम्प की तीव्रता ६ दशमलव ३ थी। हमारे संवाददाता ने बताया कि भूकंप से, सात सौ से ज्यादा मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं और दो सौ परिवारों पर इसका असर पड़ा है। 
 
दक्षिण-पश्चिमी ईरान में बूशर प्रांत के पास कल शाम चार बजकर बाईस मिनट पर आए भूकम्प के बाद भी रिक्टर पैमाने पर पांच से ज्यादा की तीव्रता वाले झटके महसूस किए गए। अकेले शॉनबे और तासूत में आस्सी फीसदी गांव नष्ट हो गए। जबकि तेईस गांव और करीब एक लाख लोग भूकम्प से प्रभावित हुए हैं। बिजली पानी की सप्लाई प्रभावित इलाकों में कट गई है। राहत और बचाव कार्य जोर-शोर से जारी हैं। ईरान ने कहा है भूकम्प का असर बूशर के परमाणु संयंत्र पर नहीं पड़ा है। क्योंकि यह प्रभावित इलाके से सौ किलोमीटर दूर है। भूकम्प के झटके खाड़ी के देशों संयुक्त अरब अमारात, बेहरीन और कतर में भी महसूस किए गए। अतुल तिवारी, आकाशवाणी समाचार।
----
केन्या में नए राष्ट्रपति उहरू केन्याता ने कल नैरोबी में शपथ ग्रहण समारोह के बाद कार्यभार संभाल लिया। पिछले महीने हुए चुनावों में उन्होंने निवर्तमान प्रधानमंत्री राइला ओडिंगा को हराया। केन्याता ने पिछले चुनावों में व्यापक हिंसा का शिकार हुए केन्या को एकजुट रखने का वादा किया। हालांकि इस चुनावी हिंसा के कारण अंतर्राष्ट्रीय अपराध न्यायालय में उन पर मानवता के प्रति अपराधों के आरोप हैं। केन्याता ने कहा कि वे अपने शासन में अभिव्यक्ति की पूरी आजादी देंगे। 
----
तमिलनाडू में आज सुबह अराक्कोणम के निकट चेतेरी में एक रेल दुर्घटना में चार यात्री मारे गए और २९ घायल हो गए। कर्नाटक जाने वाली बिहार एक्सप्रेस के नौ डिब्बे अराक्कोणम के निकट पटरी से उतर गए। बिहार से रवाना हुई यह रेलगाड़ी चेन्नई के रास्ते कर्नाटक के यशवंतपुर जा रही थी। दुर्घटना में घायल १९ लोगों को अराक्कोणम के अस्पताल में और दस घायलों को चेतेरी के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चेन्नई से राहत रेलगाड़ी अराक्कोणम के लिए रवाना हो गई है। रेलवे अधिकारी बचाव कार्यों में सहायता के लिए घटना स्थल पर पहुंच गए हैं। अरोक्कोणम से गुजरने वाली सभी रेलगाड़ियों के मार्ग बदल दिये गये हैं। 
----
असम में सुरक्षा बलों ने कल रात गुवाहाटी म,ें भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद कर एक बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम कर दिया। पुलिस महानिरीक्षक एल. आर. बिश्नोई ने बताया कि पुलिस और कोबरा बटालियन ने खुफिया सूचना के आधार पर, गारचुक थाने के बोरागांव मिकिरघोली में तलाशी शुरू कर दी। हमारे संवाददाता की रिपोर्ट - 
 
बीते रात बोरागांव, मिकिरघोली इलाके के एक घर से एक सौ बाई डेटोनेटर सौ ग्राम जिलेटिन, एक सौ तैंतीस मीटर विस्फोट में इस्तेमाल होने वाले तार और एक एलिमिनेटर सहित विस्फोटक बरामद किया। सरकारी सूत्रों के अनुसार पुलिस ने पूछताछ के लिए घर के मालिक को हिरासत में लिया है। गुवहाटी में पिछले एक हफ्तें में यह दूसरी घटना है। पिछले गुरुवार को ही रेलवे स्टेशन पर चार लोगों को गिरफ्तार करने के साथ ही आठ पिस्तौल भी बरामद किया गया था। इन घटनाओं की जांच चल रही है। मानस प्रतिम शर्मा, आकाशवाणी समाचार, गुवहाटी।
---- 
मुम्बई के ठाणे में शिलफाटा इलाके में बृहस्पतिवार को एक निर्माणाधीन भवन ढहने के सिलसिले में, कल नगर निगम के दो इंजीनियरों को गिरफ्तार किया गया। इस मामले में अब तक कुल तेरह लोग गिरफ्तार किये जा चुके हैं। अपराध शाखा के एक अधिकारी ने संवाददाताओं को बताया कि एक्जीक्यूटिव इंजीनियर सुभाष रावल और डिप्टी एक्जीक्यूटिव इंजीनियर रमेश इनामदार को हिरासत में लिया गया है। हमारी संवाददाता की एक रिपोर्ट- 
 
एक ओर जहां ठाणे के बिल्डिंग दहने के हादसे में लोगों को गिरफ्तार किया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर ठाणे नगर निगम ने फैसला किया है जिले के ५७ अवैध निर्माणों को गिरा दिया जाए और इन निर्माणों को गिराने का कार्य कल से शुरू हो चुका है। इस मामले में फैसला ठाणे निगर निगम के मुख्यालय पर हुई बैठक में किया गया। निगम अध्यक्ष आर. ए. राजीव ने इन अवैध निर्माणों के लिए कार्य योजना की रूप रेखा प्रस्तुत की जिसमें आशंका जताई है कि अवैधिक निर्माणों को मॉनसून के पहले गिरा दिया जाएगा। लुबना यूसूफ मूसा, आकाशवाणी समाचार, मुम्बई।
----
पंजाब में राष्ट्रीय ई-गवर्नेन्स योजना लागू करने का काम नवांशहर और कपूरथला जि+लों में प्रायोगिक परियोजना के रूप में शुरू किया गया है। इन दोनों जि+लों के निवासी ४७ जन सेवाओं में से २३ का लाभ घर बैठे उठा सकते हैं। हमारे संवाददाता ने बताया है कि बाकी सेवाओं को भी धीरे-धीरे इस योजना के अंतर्गत लाया जाएगा। 
 
पंजाब गवर्नेंस रिफॉर्म्स के मुख्य सचिव श्री सी राहुल ने आकाशवाणी को बताया है कि चाहे इस प्रोग्राम के तहत ४७ में से तो दस सेवाएं तो इसी वर्ष अक्तूबर तक राज्य के हरेक जिले में मिलनी आरंभ हो जाएंगी। परंतु पूरी तरह से इसे अगले वर्ष मार्च तक लागू किया जाएगा। केन्द्र सरकार द्वारा इसके लिए ५३ करोड़ रुपये दिए गए हैं। प्रोजेक्ट के लागू होने के दौरान बाकी रुपयों की जरूरत पंजाब सरकार करेगी। इस प्रोजेक्ट का मुख्य लक्ष्य लोगों के सुविधा केन्द्र के चक्करों को कम कर उन्हें घर बैठे सेवाएं उपलब्ध करवाना है। यह ई-गवर्नेंस प्रोग्राम जहां आवेदकों को लाभांवित करेगा। वहीं संबंधित अधिकारियों के लिए भी इसकी इंटरनेट द्वारा निगरानी करना आसान हो जाएगा। राजेश बाली, आकाशवाणी समाचार, जालंधर।
----
आईपीएल क्रिकेट में मुंबई में कल रात मुंबई इंडियन्स ने डेल्ही डेयरडेविल्स को ४४ रन से हरा दिया। कल ही बेंगलूर में रॉयल चैलेंजर्स बंगलूर ने सनराइजर्स हैदराबाद को सात विकेट से हरा दिया। 
आज मोहाली में किंग्स इलेविन पंजाब का मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स से होगा। 
----
समाचार पत्रों से
बदसलूकी पर बिफरीं ममता-दिल्ली में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री की दिल्ली यात्रा के दौरान विरोध प्रदर्शन और घेराव की घटना का जिक्र हिन्दुस्तान सहित कई अखबारों की बड़ी सुर्खी है। 
विकलांग जवानों को समान पेंशन-हिन्दुस्तान ने हजारों पूर्व सैनिकों को राहत देने वाले उच्चतम न्यायालय के फैसले का जिक्र किया है। 
इनोवेशन की कमी से राष्ट्रपति के चिंतित होने का जिक्र करते हुए दैनिक भास्कर लिखता है कि श्री प्रणब मुखर्जी ने कुरुक्षेत्र एन.आई.टी. में कहा कि चीन और अमरीका जैसे देशों से पेटेंट के मामले में पीछे। जनसत्ता के अनुसार-राष्ट्रपति ने उच्च शिक्षा प्रणाली में आमूलचूल सुधार की वकालत की। 
भूमि अधिग्रहण बिल में रंग ला रही हैं कोशिशें-हिन्दुस्तान की सुर्खी है, जबकि जनसत्ता को लगता है विधेयक पर सर्वदलीय बैठक बेनतीजा रही। एलपीजी पर डायरेक्ट कैश सब्सिडी को लेकर मीटिंग होने की खबर नवभारत टाइम्स ने दी है। राष्ट्रीय सहारा लिखता है-एलपीजी सब्सिडी सीधे खाते में देने की प्रक्रिया तेज। 
बेहतर मॉनसून दूर करेगा सुस्ती-दैनिक जागरण ने एशियाई विकास बैंक के आकलन के हवाले से लिखा है कि पहली बार किसी बाहरी एजेंसी ने सबसे खराब दौर समाप्त होने की संभावना व्यक्त की है।

No comments:

Post a Comment