Friday 5 April 2013


०५.०४.२०१३ 
दोपहर समाचार
१४१५

मुख्य समाचार : -
  • प्रधानमंत्री ने कहा, आर्थिक विकास पर्यावरण की दृष्टि से टिकाऊ होना चाहिए।
  • राष्ट्रपति ने विभिन्न क्षेत्रों में योगदान के लिए १०८ हस्तियों को पद्म अलंकरणों से सम्मानित किया।
  • सूचना और प्रसारण मंत्री के अनुसार सरकार का प्रसारण क्षेत्र में नियंत्रण का कोई इरादा नहीं।
  • इलाहाबाद उच्च न्यायालय की लखनऊ पीठ ने गोंडा फर्जी मुठभेड़ मामले में तीन दोषियों को मृत्युदण्ड और पांच को आजीवन कारावास की सजा सुनाई।
  • सेन्सेक्स में उतार-चढ़ाव का रुख। डॉलर के मुकाबले रूपया सात पैसे मजबूत। एक डॉलर ५४ रूपये ८० पैसे का हुआ।
  • ईरान के परमाणु कार्यक्रम के मुद्दे पर विश्व के छह प्रमुख देशों और ईरान के बीच दूसरे दौर की वार्ता कज+ाखस्तान के अलमाटी में शुरू।
  • कोरिया में अन्तर्राष्ट्रीय निशानेबाजी खेल परिसंघ विश्व कप में राही सरनोबत ने पच्चीस मीटर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता।
---- 
प्रधानमंत्री ने स्थायी आर्थिक विकास का लक्ष्य हासिल करने के लिए दुर्लभ प्राकृतिक संसाधनों के किफायती इस्तेमाल पर बल दिया है। आज नई दिल्ली में हरित संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल के बारे में अंतर्राष्ट्रीय कार्यशाला को सम्बोधित करते हुए डॉक्टर मनमोहन सिंह ने कहा कि आर्थिक विकास पर्यावरण की दृष्टि से टिकाऊ होना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत की जनसंख्या का एक बड़ा हिस्सा, विशेषकर निर्धन वर्ग जीविका के लिए प्राकृतिक संसाधनों पर निर्भर है।

राष्ट्रीय पर्यावरण नीति २००६ के अनुसार सतत विकास वही होगा जिसमें पर्यावरण संबंधी बातों और सामाजिक न्याय के सिद्धान्त का ध्यान रखा जायेगा। 

१९८७ के ब्रंटलैंड आयोग का हवाला देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि टिकाऊ विकास वर्तमान की जरूरतें पूरी करे, लेकिन भावी पीढ़ियों की जरूरतें पूरी करने की प्राकृतिक संसाधनों की क्षमता के साथ कोई समझौता नहीं किया जाना चाहिए। प्रधानमंत्री ने कहा कि १२वीं पंचवर्षीय योजना में पहली बार विकास में स्थिरता को प्रमुख लक्ष्य बनाया गया है। उन्होंने कहा कि विकास और गरीबी उन्मूलन के लक्ष्य स्थायी तरीके से हासिल करने के लिए भारत ने लोगों की जरूरतों, विशेषकर गरीबों की जरूरतों को पूरा करने पर विशेष ध्यान दिया है। डॉक्टर सिंह ने बताया कि पर्यावरण अनुकूल ऊर्जा उत्पादन के लिए राष्ट्रीय कोष बनाया गया है।

निरन्तरता के सिद्धान्त वाली कई राष्ट्रीय कार्य नीतियां और नीतियां पहले से लागू की जा चुकी हैं। उदाहरण के लिए हमने कोयले पर सेस लागू करके राष्ट्रीय स्वच्छ ऊर्जा कोष का गठन किया है। 
----
राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने आज विभिन्न क्षेत्रों में योगदान के लिए जानेमाने लोगों को पद्म अलंकरणों से सम्मानित किया। भौतिकीविद् प्रोफेसर यशपाल और अंतर्राष्ट्रीय ख्याति के मूर्तिकार रघुनाथ महापात्र को पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़, फिल्म अभिनेत्री शर्मिला टैगोर, डीआरडीओ के महानिदेशक डॉक्टर विजय कुमार सारस्वत सहित दस व्यक्तियों को पद्म भूषण से अलंकृत किया गया। अभिनेत्री श्रीदेवी, मलयाली अभिनेता मधु और संस्कृत विद्वान रमाकांत शुक्ल सहित ४२ जानीमानी हस्तियों को पद्मश्री से सम्मानित किया गया।

इस कार्यक्रम में अलग पत्रकारों से बातचीत में डॉक्टर मनमोहन सिंह ने कहा है कि वे किसी भी समय राहुल गांधी का प्रधानमंत्री के रूप में स्वागत करने को तैयार हैं। संवाददाताओं के प्रश्नों का उत्तर देते हुए प्रधानमंत्री ने भारतीय उद्योग परिसंघ की बैठक में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के कल के भाषण की सराहना की। उन्होंने केन्द्र में सत्ता के दो केन्द्रों पर बहस को मीडिया की उपज बताया। उन्होंने कहा कि यह अनावश्यक बहस है। तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने के बारे में पूछे गए प्रश्न पर डॉक्टर सिंह ने कोई टिप्पणी करने से इंकार कर दिया।
----
सूचना और प्रसारण मंत्री मनीष तिवारी ने प्रसारण क्षेत्र के तकनीकी और वाणिज्यिक पहलुओं को देखने के लिए अलग से प्रसारण नियामक के गठन का सुझाव दिया। उन्होंने स्पष्ट रूप से ये बात कही कि सरकार का प्रसारण क्षेत्र में प्रसारित सामग्रियों के नियमन का कोई इरादा नहीं है। श्री तिवारी आज नई दिल्ली में प्रसार भारती पर विशेषज्ञ समिति की पहली बैठक में बोल रहे थे। उन्होंने विशेषज्ञ समिति के सदस्यों से कहा कि वे इस बात पर विचार करें कि तेजी से बदलती टैक्नोलॉजी और रेडियो तथा टेलीविजन चैनलों की बढ़ती संख्या के मद्देनजर देश में लोक प्रसारक की जरूरत है, या नहीं।

क्या हमें वाकई ३३ समाचार चैनलों की जरूरत है? क्या हमें ऐसा लोक प्रसारक चाहिए जो सोप ओपेरा और कॉमेडी या मनोरंजन जैसे कार्यक्रम बनाये या हमें ऐसा लोक प्रसारक चाहिए जो वास्तव में कोशिश करे और बीच का सही रास्ता निकाल सकें।

समिति के अध्यक्ष सैम पित्रोदा ने बदलते समय की जरूरतों को देखते हुए प्रसार भारती बोर्ड के पुनर्गठन करने को कहा है। श्री पित्रोदा ने समिति के सदस्यों से कहा कि नये विचार, नई सोच के लिए ये उचित समय है और उन्हें तात्कालिक परिवर्तनों पर नहीं, पीढ़ियों के परिवर्तन पर ध्यान देना चाहिए। सूचना और प्रसारण सचिव उदय कुमार वर्मा ने डायरेक्ट टू होम सेवा को प्रसार भारती बोर्ड से अलग करने और इस उद्देश्य के लिए एक विशेष व्यवस्था कायम करने की आवश्यकता पर बल दिया। इससे पहले प्रसार भारती की अध्यक्ष मृणाल पाण्डे ने लोक प्रसारण सेवा के क्षेत्र में दिन-प्रतिदिन आने वाली कठिनाइयों को रेखांकित किया।
---- 
इलाहाबाद उच्च न्यायालय की लखनऊ पीठ ने १९८२ के गौंडा फर्जी मुठभेड़ मामले में तीन लोगों को मौत की और पांच लोगों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। इस घटना में पुलिसकर्मियों ने एक पुलिस सर्कल ऑफिसर और १२ ग्रामीणों की गोली मारकर हत्या कर दी थी। पिछले सप्ताह न्यायालय ने आठ पुलिसकर्मियों के खिलाफ आरोप तय किये थे, जिन्हें आज सजा सुनाई गई।
---- 
सरकार के महत्वाकांक्षी प्रत्यक्ष लाभ अंतरण-डीबीटी कार्यक्रम को जुलाई से ७८ अन्य जिलों में भी लागू किए जाने की संभावना है। इसके साथ डीबीटी के दायरे में आने वाले जिलों की संख्या १२० हो जाएगी जो देश का पांचवा हिस्सा है। वृद्धों, विधवाओं तथा निशक्त जनों से संबंधित तीन पेंशन योजनाओं को भी जुलाई से इस कार्यक्रम के तहत लाया जाएगा।प्रधानमंत्री आज इस कार्यक्रम की दिशा में हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे। यह कार्यक्रम इस साल पहली जनवरी से शुरू किया गया था। हमारे संवाददाता ने बताया है कि डीबीटी के तहत लाभार्थियों को सब्सिडी बैंकों के माध्यम से नकदी के रूप से दी जाती है।

इस महत्वकांक्षी योजना का लक्ष्य विभिन्न कल्याणकारी कार्यक्रमों का लाभ बिचौलियों को हटाकर लाभार्थी के सीधे खाते में पहुंचाना है। वर्तमान में यह योजना देश के ४३ जिलों में चलाई जा रही है और इसमें विभिन्न मंत्रालयों और विभागों से जुड़ी २६ कल्याणकारी योजनाओं को शामिल किया गया है। प्रत्यक्ष लाभ हस्तान्तरण योजना को लागू करने में आ रही शुरूआती दिक्कतों को सरकार ने सुलझा लिया है। इसके साथ ही अब इस कार्यक्रम का इस साल जुलाई में शुरू होने वाले दूसरे चरण के विभिन्न जिलों में विस्तार का रास्ता खुल गया है। आकाशवाणी समाचार के लिए नई दिल्ली से संतबहादुर के साथ मैं दिवाकर। 
---- 
महाराष्ट्र में ठाणे जिले के शिलफाटा इलाके में निर्माणाधीन इमारत ढहने की कल की घटना में मरने वालों की संख्या ३६ हो गई है। इस हादसे में ४१ लोग घायल हुए हैं। हमारे संवाददाता ने बताया है कि १७ घायलों को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। मृतकों में १२ पुरुष, १० बच्चे और आठ महिलाएं शामिल हैं।

ठाणे के शीलफटा इलाके में कल शाम साढे पांच बजे गिरी हुई इमारत अवैध ढंग से वन विभाग के दलदल वाली जमीन पर बनाई गई थी। सूत्रों के अनुसार इस इमारत के निर्माण के लिए मिलावटी सामान का इस्तेमाल किया गया था। ठाणे के दायघर पुलिस ने इस मामले में बिल्डर सलील और खलील जमादार के खिलाफ आईपीसी के सैक्शन ३०४ के अन्तर्गत मामला दर्ज किया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार पुलिस इन दो बिल्डरों को खोजने में लगी हुई है। बहरहाल घटनास्थल पर राहत और बचाव का कार्य अभी जारी है। यह इमारात ठाणे नगर निगम के ६४वें विभाग में लक्की कम्पाउंड में बनाई गई थी। अभिषेक कुमार, आकाशवाणी, समाचार, मुम्बई।
---- 
कश्मीर घाटी में कोकरनाग में कल की सड़क दुर्घटना में घायल दो और बच्चों की मौत हो जाने से मृतकों की संख्या बढ़कर नौ हो गई है। अनंतनाग जिले में स्कूली बच्चों को ले जा रही एक मिनी बस के फिसलकर गहरे गडढ़े में गिर जाने से घटनास्थल पर ही सात बच्चों की मृत्यु हो गई थी और आठ घायल हुए थे। राज्य सरकार ने दुर्घटना में मारे गए बच्चों के परिवार को एक-एक लाख रूपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
----
दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन-सार्क की गरीबी उन्मूलन सम्बन्धी तीसरी मंत्रिस्तरीय बैठक आज काठमाण्डु में शुरू हुई। उदघाटन समारोह को सम्बोधित करते हुए नेपाल की अन्तरिम चुनाव परिषद के अध्यक्ष खिल राज रेगमी ने कहा कि उनकी सरकार का गठन मुख्य रूप से संविधान सभा के नये चुनाव कराने के लिए हुआ है, लेकिन यह सरकार गरीबी उन्मूलन कार्यक्रमों को जारी रखेगी और प्राथमिकता देगी। बैठक में सार्क के सभी सदस्य देशों के प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। भारत के चार सदस्यीय शिष्टमंडल का नेतृत्व योजना आयोग की प्रधान सलाहकार वंदना कुमारी जेना कर रही हैं।
---- 
ईरान और विश्व की छह महाशक्तियों अमरीका, ब्रिटेन, फ्रांस, चीन और जर्मनी के बीच ईरान के परमाणु मसले पर आज कजाकिस्तान के अलमाटी शहर में वार्ता का दूसरा दौर शुरू हो गया है। अगले दो दिनों में दोनों पक्ष ईरान के विवादास्पद परमाणु कार्यक्रम को लेकर अपने मतभेदों को सुलझाने की कोशिश करेंगे। हमारे संवाददाता ने बताया है कि बातचीत में इस बात पर जोर रहेगा कि ईरान अपने ऊपर लगे प्रतिबंधों में कुछ ढील के बदले में यूरेनियम संवर्द्धन को सीमित करने के बारे में क्या जवाब देता है।

पी फाइव पल्स वन समूह ने २० फीसदी यूरेनियम सम्वर्द्धन को बंद करने के बदले में सोना सहित कुछ मंहगी धातुओं के व्यापार और ईरान के पैट्रो कैमिकल उत्पादों के आयात पर प्रतिबंध में ढील देने का सुझाव रखा है। बैठक से पहले अमरीका और यूरोपीय संघ ने कहा कि बातचीत में आगे प्रगति ईरान पर निर्भर है। वहीं ईरान के प्रमुख वार्ताकार सईद जलीली ने स्पष्ट तौर परं कहा कि प्रगति तभी संभव है जब विश्व ईरान के यूरेनियम सम्वर्द्धन के सार्वभौमिक अधिकार को मान्यता दे। पश्चिमी देशों का कहना है कि ईरान ने यह अधिकार परमाणु निरीक्षकों को जांच की इजाजत न देकर खो दिया। अतुल तिवारी, आकाशवाणी समाचार, दुबई।
---- 
बम्बई शेयर बाजार में आज उतार-चढ़ाव जारी है। शुरूआती कारोबार में सेन्सेक्स में ४६ अंक से अधिक की गिरावट आई। अब से कुछ देर पहले यह ९८ अंक की गिरावट के साथ १८ हजार ४१० पर था।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी ३४ अंक गिरकर ५ हजार ५४० पर था।
अन्तरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में डॉलर के मुकाबले रूपया आज सात पैसे मजबूत हुआ। एक डॉलर की कीमत ५४ रूपये ८० पैसे बोली गई।
---- 
कोरिया में अन्तर्राष्ट्रीय निशानेबाजी खेल परिसंघ विश्व कप प्रतियोगिता में आज भारत की राही सरनोबत ने २५ मीटर पिस्टल के फाइनल में क्योंगे किम को हराकर स्वर्ण पदक जीता। वे विश्व कप में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय पिस्टल निशानेबाज हैं। राही की यह अब तक की सबसे बड़ी सफलता है। २०१२ के लंदन ओलम्पिक खेलों में राही भारत की सबसे कम उम्र की निशानेबाज थी।
----
भारत और इंडोनेशिया के बीच डेविस कप टेनिस के एशिया ओशेनिया जोन ग्रुप एक के रेलीगेशन मुकाबले आज से बंगलौर में शुरू हो रहे हैं। पहले सिंगल्स में सोमदेव देवबर्मन का मुकाबला विष्णु आदि नुगरोहो से होगा। दूसरे सिंगल्स में यूकी भांबरी क्रिस्टोफर रंगकेट से खेलेंगे।
---- 
आईपीएल ट्वेन्टी-ट्वेन्टी क्रिकेट टूर्नामेंट में हैदराबाद में आज रात आठ बजे सनराइजर्स हैदराबाद का मुकाबला पुणे वारियर्स से होगा।
---- 
पंजाब पुलिस ने कहा है कि राष्ट्रीय एंटी डोपिंग एजेन्सी-नाडा द्वारा किये गये मुक्केबाज विजेन्द्र सिंह के डोप टैस्ट का कोई महत्व नहीं है। हमारे संवाददाता के अनुसार फतेहगढ़ पुलिस प्रमुख हरदयाल सिंह मान ने कहा है कि पंजाब पुलिस इस डोप टैस्ट के परिणाम को स्वीकार नहीं करेगी।
---- 
राष्ट्र ने आज स्वतंत्रता सेनानी और पूर्व उप प्रधानमंत्री बाबू जगजीवन राम की १०६वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उनका जन्म दिन समता दिवस के रूप में भी मनाया जाता है। कई प्रमुख नेताओं और जानीमानी हस्तियों ने राजधानी दिल्ली में उनके स्मारक समता स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित की।
बाबू जगजीवन राम का जन्म पांच अप्रैल १९०८ को बिहार के सासाराम जिले के चंदवा में हुआ था। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में हिस्सा लिया और आजादी के बाद ३६ वर्ष तक लोकसभा के सदस्य रहे। वे कई बार केन्द्रीय मंत्री बने और जनवरी से जुलाई १९७९ तक उप प्रधानमंत्री रहे।
---- 
केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड-सीबीएसई ने परीक्षा की वजह से तनाव के शिकार १०वीं और १२वीं के छात्रों को मनोवैज्ञानिक परामर्श दिलाने के लिए हेल्पलाइन शुरू की है। मानव संसाधन विकास मंत्रालय की विज्ञप्ति में कहा गया है कि परामर्श की सुविधा देशभर में निःशुल्क उपलब्ध है। छात्र टोल फ्री नम्बर १ ८ ० ० १ १ ८ ० ० ४ डायल कर सकते हैं

No comments:

Post a Comment