Wednesday 23 January 2013


२३.०१.२०१३
दोपहर समाचार
१४१५
---
मुख्य समाचार : -
  • श्री राजनाथ सिंह ने भाजपा के नये अध्यक्ष का पद ग्रहण किया। वह तीन साल के लिए निर्विरोध चुने गये।
  • कर्नाटक में दो मंत्रियों-सी एम उदासी और शोभा करन्दलाजे ने येदियुरप्पा की कर्नाटक जनता पार्टी में शामिल होने के लिए त्यागपत्र दिया।
  • सेंसेक्स में उतार-चढ़ाव का रूख।
  • जॉर्डन में नई संसद के चुनाव के लिए मतदान जारी।
  • मोहाली में भारत के साथ चौथे एक दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैच में इंगलैंड ने ताजा समाचार मिलने तक ३२वें ओवर में दो विकेट पर १३१ रन बनाए।
---
श्री राजनाथ सिंह तीन साल के लिए भारतीय जनता पार्टी के निर्विरोध नए अध्यक्ष चुन लिए गए हैं। पार्टी के चुनाव अधिकारी थावर चन्द गहलोत ने नई दिल्ली में पार्टी मुख्यालय में यह घोषणा की।

श्री राजनाथ सिंह जी वर्ष २०१३-२०१५ सत्र के लिए भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर सर्वानुमति से निर्वाचित हुए। एदद द्वारा में श्री राजनाथ सिंह जी को सत्र २०१३-२०१५ के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित घोषित करता हूं।

इससे पहले, पार्टी संसदीय बोर्ड की बैठक में उनकी उम्मीदवारी को स्वीकृति दी गई। पार्टी नेता अनंत कुमार ने बताया कि बोर्ड के अध्यक्ष लालकृ्रष्ण आडवाणी ने यह प्रस्ताव रखा। उन्होंने पिछले तीन साल में अध्यक्ष के रुप में श्री नितिन गडकरी के काम की प्रशंसा की। श्री अनंत कुमार ने बताया कि बैठक में श्रीमती सुषमा स्वराज और श्री अरुण जेटली सहित सभी वरिष्ठ नेताओं ने श्री आडवाणी के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया। श्री राजनाथ सिंह पहले भी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रह चुके हैं। वे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और एन डी ए सरकार में केबिनेट मंत्री भी रहे हैं। श्री नितिन गडकरी ने कल पार्टी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था।

कल रात जारी बयान में उन्होंने कहा कि वे पार्टी अध्यक्ष पद के उम्मीदवार नहीं हैं। क्योंकि वे नहीं चाहते कि उन पर लगे आरोपों के कारण पार्टी को किसी प्रकार का नुकसान पहुंचे। श्री राजनाथ सिंह ने अध्यक्ष पद ग्रहण करने के बाद कहा कि वे इस पद को एक जिम्मेदारी के रूप में स्वीकार करते हैं और पार्टी को वापस सत्ता में लाएंगे।

आज जो मुझे अध्यक्ष का पद मिला है। इसे मैं पद के रूप में स्वीकार नहीं कर रहा हूं। बल्कि इसे मैं एक दायित्व के रूप में स्वीकार कर रहा हूं। और हमारे श्रद्धेय आडवाणी जी भी जो हम लोगों से अपेक्षाएं की हैं उनके मार्ग दर्शन में उसे पूरा करने की भरपूर कोशिश अपनी तरफ से निश्चित रूप से मैं करूंगा।

श्री सिंह ने कहा कि वे ऐसे समय पार्टी की कमान संभाल रहे हैं जब निवर्तमान अध्यक्ष नितिन गडकरी पर लगे आरोपों के कारण माहौल बहुत अनुकूल नहीं है। उन्होंने कहा कि समूची पार्टी अन्याय के खिलाफ श्री नितिन गडकरी की लड़ाई में उनके साथ खड़ी रहेगी। श्री सिंह ने आरोप लगाया कि हिन्दू आतंकवाद के बारे में गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे की टिप्पणी से पता चलता है कि सरकार, आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में गंभीर नहीं है। उन्होंने कहा कि देश की प्रतिकूल आर्थिक स्थिति और असुरक्षा के माहौल के लिए कांग्रेस जिम्मेदार है।
---
कर्नाटक में लोक निर्माण मंत्री सी एम उदासी और बिजली मंत्री शोभा करन्दलाजे ने अपना इस्तीफा मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टर को सौंप दिया है। श्री उदासी ने बताया कि उन्होंने मंत्री के रूप में इस्तीफा दे दिया है और वे आज विधायक पद से अपना इस्तीफा विधानसभा अध्यक्ष को सौंप देंगे। उन्होंने बताया कि वे श्री बी एस येदियुरप्पा की कर्नाटक जनता पार्टी में शामिल होने के लिए त्यागपत्र दे रहे हैं। हमारे संवाददाता ने बताया है कि जब भाजपा के दो मंत्रियों सहित तेरह विधायक इस्तीफा देने विधानसभा सचिवालय गए तो अध्यक्ष वहां उपस्थित नहीं थे।

येदियुरप्पा के समर्थक विधायकों ने आज स्पीकर की अनुपस्थिति पर अपनी नाराजगी व्यक्त की। येदियुरप्पा ने बताया कि वे राज्यपाल से मुलाकात करेंगे और न्यायालय का दरवाजा भी खटखटायेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार को बचाने के लिए ये एक साजिश है। स्पीकर के कमरे के बाहर लोग कई समूहों में चर्चा कर रहे हैं कि अगला कदम क्या होगा। सुधीन्द्र आकाशवाणी समाचार, बंगलौर।
---
उत्तरप्रदेश में बहुजन समाज पार्टी के तीन सांसदों और भाटापार रानी विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए पार्टी उम्मीदवार के खिलाफ आदर्श चुनाव आचार संहिता के कथित उल्लंघन को लेकर एफ आई आर दर्ज की गई है। यह एफ आई आर कल खामपुर थाने में दर्ज कराई गई। चुनाव अधिकारी आर डी पांडेय यह मामला प्रकाश में लाए थे। इस सीट पर राज्य के खेलमंत्री कमलेश्वर उपाध्याय की मृत्यु के कारण उपचुनाव करवाया जा रहा है।
---
वाणिज्य, उद्योग तथा कपड़ा राज्य मंत्री डॉक्टर डी पुरन्देश्वरी ने कहा है कि सार्वजनिक निजी भागीदारी बढ़ाकर भारत और श्रीलंका के बीच व्यापार में तेजी से वृद्धि की जा सकती है। डॉक्टर पुरन्देश्वरी श्रीलंका में भारतीय व्यापार प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रही हैं। उन्होंने कहा कि २०१५ तक दस अरब डॉलर के आपसी व्यापार का लक्ष्य हासिल करने के लिए निर्यातकों की समस्याओं का जल्द समाधान करना होगा।
---
श्रीलंका की मुख्य विपक्षी पार्टी- यूएनपी ने भारत और श्रीलंका के बीच विशेष आर्थिक भागीदारी के बारे में प्रस्तावित वार्ता का स्वागत किया है। इस संबंध में कल नई दिल्ली में भारत-श्रीलंका संयुक्त आयोग की आठवीं बैठक में घोषणा की गई।
इस बैठक की सह अध्यक्षता विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद और श्रीलंका के विदेश मंत्री प्रोफेसर जी एल पेइरिस ने की।
---
दिल्ली सामूहिक दुष्कर्म मामले के बाद बलात्कार विरोधी कानूनों की समीक्षा के लिए पूर्व प्रधान न्यायाधीश जे एस वर्मा की अध्यक्षता में गठित तीन सदस्यीय समिति आज गृह मंत्रालय को अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। वर्मा समिति का गठन बलात्कार के मामलों में सजा और कड़ी करने तथा जल्द न्याय दिलाने के लिए मौजूदा कानूनों में संशोधनों की सिफारिश करने के लिए किया गया था। समिति ने महिलाओं के खिलाफ अपराधों में जल्दी न्याय और कड़ी सजा देने के बारे मे ंआम लोगों, विशेषज्ञों, महिला समूहों और नागरिक संगठनों से सुझाव मांगे थे। इस समिति के दो अन्य सदस्य हैं - हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय की पूर्व मुख्य न्यायाधीश लीला सेठ और पूर्व सोलिसिटर जनरल गोपाल सुब्रह्‌मण्यम।
---
राज्यसभा की स्थायी समिति ने उत्तर प्रदेश में गंगा, यमुना और गोमती में प्रदूषण बढ़ने और आक्सीजन की मात्रा घटने पर असंतोष प्रकट किया है। विज्ञान, प्रौद्योगिकी, पर्यावरण और वन संबंधी पांच सदस्यों की संसदीय समिति गोमती में प्रदूषण के स्तर की जांच के लिए लखनऊ गई थी। समिति के सदस्यों में अध्यक्ष सुब्बारामी रेड्डी , प्रोफेसर रंजन प्रसाद यादव, रविनारायण महापात्रा, आलोक तिवारी और प्रदीप टमटा शामिल हैं।

समिति ने मुख्य सचिव जावेद उस्मानी और दूसरे वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पानी की उपलब्धता संबंधी मौजूदा समस्याओं पर बातचीत की। वरिष्ठ भाजपा नेता और लखनऊ से सांसद लालजी टंडन भी बैठक में मौजूद थे।
---
मध्यप्रदेश में क्षेत्रीय प्रचार निदेशालय की बारह से अधिक इकाइयों ने कल्याण योजनाओं के लिए सबसिडी की राशि सीधे लाभार्थियों के खाते में डालने की योजना के बारे में तीना जिलों में जागरूकता अभियान शुरू किया है। पन्द्रह दिन का यह अभियान खण्डवा, हर्दा, होशंगाबाद जिले में चलाया जा रहा है। केन्द्र सरकार की यह योजना इस महीने से इन जिलों में लागू की जा रही है। निदेशालय की ये इकाइयां इस योजना के बारे में ग्रामीणों को जानकारी देने के लिए विभिन्न माध्यमों का इस्तेमाल कर रही हैं।
---
आज नेताजी सुभाषचन्द्र बोस की ११६वीं जयन्ती मनाई जा रही है। मुख्य समारोह कोलकाता में नेताजी भवन में हुआ जहां राज्यपाल एम के नारायाणन और मुख्यमंत्री ममता बैनर्जी ने नेता जी के चित्र पर फूलमालाएं चढ़ाईं। इस अवसर पर सुश्री ममता बैनर्जी ने घोषणा की कि राज्य सरकार नेताजी के सम्मान में सुभाषग्राम में एक स्मारक बनायेगी और दक्षिण २४ परगना जिले में कोडालिया में नेताजी के पैतृक निवास को धरोहर भवन के रूप मे रखेगी। हमारे संवाददाता ने खबर दी है कि आज सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग नेताजी सुभाषचन्द्र बोस को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए दक्षिणी कोलकाता में नेताजी भवन पहुंच रहे हैं।
---
जॉर्डन में आज १७वीं संसद के चुनाव के लिए मतदान हो रहा है। मतदान भारतीय समय के अनुसार रात नौ बजे तक चलेगा। वोटों की गिनती दो घंटे बाद शुरू की जायेगी और कल तक सभी परिणाम मिल जाने की उम्मीद है। इस्लामी विपक्षियों कें मतदान का बहिष्कार करने अपील के बीच हो रहे इस चुनाव में मुख्य रूप से कबायली और निर्दलीय उम्मीदवार खड़े हैं। करीब साठ उम्मीदवार राजनीतिक दलों के हैं। जॉर्डन के शाह अब्दुल्ला ने कहा है कि नई संसद लोगों की लोकतांत्रिक आकांक्षाओं का प्रतिबिंब होगी।
---
इस्राइल में चुनाव पूर्व सर्वेक्षण में संसदीय चुनावों में प्रधानमंत्री नेतन्याहू के नेतृत्व वाले गठबंधन की मामूली अंतर से जीत की संभावना व्यक्त की गई है। उनके गठबंधन को ६१ और प्रतिद्वंद्वियों को ५७ सीटें मिलने का अनुमान व्यक्त किया गया है।
---
पाकिस्तान के कराची में हिंसा की ताजा घटनाओं में कम से कम १३ लोग मारे गए हैं। इनमें पाकिस्तान मुस्लिम लीग नवाज का एक पदाधिकारी और उसका पुत्र भी शामिल है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि एक वाहन में सवार अज्ञात लोगों ने गोलिया चलाकर दो लोगों की हत्या कर दी। उन्होंने कहा कि मृतकों की पहचान पाकिस्तान मुस्लिम लीग नवाज के स्थानीय मियां अरबाब और उसके पुत्र के रूप में हुई है। शहर के विभिन्न हिस्सों में निशाना बनाकर किए गए हमलों में कम से कम ११ लोग मारे गए हैं।

पेशावर में आज सुबह एक मकान पर घात लगाकर किए गए हमले में अज्ञात बन्दूकधारियों ने चार लोगों की हत्या कर दी।
---
बम्बई शेयर बाजार में आज उतार-चढ़ाव जारी है। शुरूआती कारोबार में संवेदी सूचकांक ७२ अंक बढ़कर लगभग २० हजार ५४ पर खुला। अब से कुछ देर पहले यह ३७ अंक घटकर १९ हजार ९४३ पर था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी १७ अंक की गिरावट के साथ ६ हजार ३० पर था। अन्तरबैंक विदेशी मुद्राबाजार के शुरूआती कारोबार में डॉलर के मुकाबले रूपया आज १५ पैसे मजबूत हुआ, लेकिन बाद में इसमें गिरावट आई और यह तीन पैसे की मजबूती के साथ ५३ रूपये ७९ पैसे प्रति डॉलर हो गया।
---
मोहाली में भारत के साथ चौथे एक दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैच आज में इंगलैंड ने ताजा समाचार मिलने तक ३४ ओवर में ३ विकेट पर १३८ रन बना लिए हैं। आज भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। पांच एक दिवसीय मैचों की श्रृंखला में भारत २-१ से आगे है।
---
संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून ने माली में इस्लामी आतंकवादियों के खिलाफ सैनिक कार्रवाई में संयुक्त राष्ट्र की प्रत्यक्ष सहायता के खिलाफ आगाह किया है। उन्होंने कहा कि इससे संयुक्त राष्ट्र के कार्यकर्ताओं के लिए खतरा पैदा होगा और इस क्षेत्र में अपना काम जारी रखने में उन्हें परेशानी होगी। १५ सदस्यीय संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद अफ्रीकी सेना संयुक्त राष्ट्र के समर्थन के बारे में अन्तिम फैसला करेगी जो अभी वहां एकत्र होना शुरू हुई है। वहां फ्रांस का सैनिक अभियान जारी है। साहेल क्षेत्र में माली के संघर्ष और अन्य देशों में सूखे की स्थिति को देखते हुए संयुक्त राष्ट्र एक बड़ा मानवीय सहायता अभियान चला रहा है

No comments:

Post a Comment