Sunday 27 January 2013


२६.०१.२०१३
समाचार संध्या
२०४५
मुख्य समाचार :
  • राष्ट्र ने आज ६४ वें गणतंत्र दिवस समारोह में सैन्य शक्ति और उपलब्धियों का शानदार प्रदर्शन किया।
  • अनेक राज्यों में कल्याणकारी योजनाओं और महिलाओं के प्रति अत्याचारों से निपटने के लिए फास्ट ट्रैक अदालतें बनाने की घोषणा।
  • समुद्री डकैतों ने नाईजीरिया के दक्षिण डेल्टा में पांच भारतीय बंधकों को छोड़ा।
  • मिस्र में फुटबाल दंगा मामले में फैसला आने के बाद पोर्ट सैद में झड़पों में २२ लोग मारे गए।
  • बेलारूस की विक्टोरिया अजारेंका ने ऑस्ट्रेलियन ओपन टेनिस का खिताब जीता।
  • भारत और इंग्लैंड के बीच पांचवा और अंतिम एक दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैच धर्मशाला में कल।
----- 
राष्ट्र के ६४वें गणतंत्र दिवस पर आज भव्य परेड और देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाने वाली झांकिया निकाली गई और राष्ट्र की उपलब्धियों तथा सैन्य शक्ति का प्रदर्शन किया गया। कई राज्यों ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर कल्याणकारी योजनाओं तथा महिलाओं के प्रति अपराधों से निपटने के लिए त्वरित अदालतें स्थापित करने की घोषणा की।
मुख्य समारोह राजधानी दिल्ली में राजपथ पर हुआ। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने पहली बार परेड की सलामी ली। प्रधानमंत्री मनमोहन ंिसह ने देश के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले शहीदों को राष्ट्र की ओर से अमर जवान ज्योति पर पुष्पांजलि अर्पित की।

२१ तोपों की सलामी और राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी द्वारा तिरंगा फहराने के बाद चार हेलीकॉप्टरों ने पुष्प वर्षा की।
दिल्ली क्षेत्र के जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल सुब्रतो मित्रा के नेतृत्व में अत्याधुनिक सैन्य और पुलिस टुकड़ियों ने राजपथ पर बैंड धुनों के साथ मार्च किया।

गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि भूटान नरेश जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक, उप राष्ट्रपति हामिद अंसारी, प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, रक्षा मंत्री ए. के. एंटनी, यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी, लोकसभा में विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज और अन्य गण्यमान व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।

राजपथ से लाल किले तक के आठ किलोमीटर लम्बे भव्य परेड मार्ग पर देश की समृद्ध, सांस्कृतिक विरासत को दर्शाने वाली झांकियां और सैन्य कौशल का प्रदर्शन किया गया। सेना ने भव्य और आधुनिक हथियारों का प्रदर्शन किया, जिनमें युद्धक टैंक अर्जुन, सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल ब्रह्‌मोस, मल्टी बैरल रॉकेट प्रणाली पिनाक शामिल था। पांच हजार किलोमीटर तक मार करने वाली अग्नि-५ मिसाइल और आई एन एस विक्रमादित्य के लघु रूप परेड के मुख्य आकर्षण रहे। विभिन्न राज्यों और केन्द्रीय मंत्रालयों तथा विभागों की १९ झांकियों ने लोगों का मन मोह लिया। इनमें देश के ऐतिहासिक वास्तु शिल्प और सांस्कृतिक धरोहर को प्रदर्शित किया गया। इन झांकियों में जम्मू-कश्मीर की झांकी जो कश्मीर में बनने वाले प्रसिद्ध पशमीना शॉल को प्रदर्शित कर रही थी और सिनेमा मयूरपंखी झांकी जो भारतीय सिनेमा के सौ वर्ष की उपलब्धियों को दर्शा रही थी, लोगों को भायी। परेड के अंतिम चरण में भारतीय वायु सेना के विमानों ने फ्लाईपास्ट किया। तीन एस यू-३०, एम के आई विमानों ने त्रिशूल बनाकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। समारोह के अंत में सुखोई विमानों ने फ्लाईपास्ट में हिस्सा लेते हुए सलामी मंच के सामने करतब दिखाये। समारोह का अंत राष्ट्रगान और हवा में गुब्बारे छोड़ने के साथ हुआ। आकाशवाणी समाचार के लिए दिल्ली से मैं शीला।

विभिन्न राज्यों से भी गणतंत्र दिवस समारोह मनाये जाने के समाचार मिले हैं। जम्मू कश्मीर के राज्यपाल एन. एन. वोहरा ने जम्मू में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षो में राज्य में आतंकवादी घटनाओं में कमी आई है। उन्होने कहा कि राज्य पुलिस और सुरक्षाबलों के सर्वोच्च बलिदान से जम्मू कश्मीर शांति और विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। समारोह के दौरान मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला उपस्थित थे।

इस बीच, जम्मू कश्मीर में पुंछ सेक्टर में चकन-दा-बाग में नियंत्रण रेखा पर भारत और पाकिस्तान के सैनिकों ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर आज मिठाइयां बांटी। नियंत्रण रेखा पर फ्लैग मीटिंग भी सद्भावपूर्ण रही। ब्यौरा हमारे संवाददाता सेः-

गंणतंत्र दिवस के अवसर पर भारत और पाकिस्तान ने आज जम्मू संभाग में सीमा पर मिठाइयों का आदान-प्रदान किया और एक-दूसरे को शुभकामनाएं दी। सीमावर्ती जिला पुंछ में नियंत्रण रेखा पर स्थित चकका दा बाद क्रासिंग नाके पर एक कार्यक्रम के दौरान सुरक्षाबलों ने एक-दूसरे को मिठाइयां दी। इसी तरह का एक समारोह सांभा जिले के रामगढ़ सैक्टर में अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर ज+ीरो लाइन पर स्थित शामलियाल चौकी पर आयोजित किया गया, जिसमें बी.एस.एफ की २०० वीं बटालियन और पाकिस्तान के आर्मी विंग चुनाव रेंजर्स के अधिकारियों ने हिस्सा लिया। आर के रैना के साथ आकाशवाणी समाचार के लिए जम्मू से मैं चन्द्रकांत शर्मा। 

छत्तीसगढ़ में जनजातीय इलाकों में माओवादियों की धमकी के बावजूद गणतंत्र दिवस मनाया गया। दंतेवाड़ा, सुकमा, बीजापुर, नारायणपुर, कांकेर, बस्तर और कोंडागांव जिलों से प्राप्त खबरों के अनुसार बड़ी संख्या में जनजातीय लोगों ने गणतंत्र दिवस समारोहों में भाग लिया।

असम में मुख्य समारोह गुवाहाटी में खानपाड़ा वैटेनरी कालेज मैदान में हुआ। राज्यपाल जे. बी. पटनायक ने मुख्यमंत्री तरूण गोगोई के मौजूदगी में तिरंगा फहराया।

उग्रवादियों की धमकी की परवाह ना करते हुए सभी वर्गों के लोगों ने गणतंत्र दिवस मनाया। लोगों ने अपने-अपने घरों में भी तिरंगा फहराया। राज्यपाल जे बी पटनायक ने एक मजबूत और समृद्ध असम के निर्माण के लिए सभी से आग्रह किया। इस अवसर पर प्रदेश के सभी २७ जिलों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ मार्च पार्टी आयोजित की गई। गणतंत्र दिवस के मद्देनज+र पूरे असम में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए। मानस प्रतिम शर्मा/आकाशवाणी समाचार/गुवाहाटी। 

केन्द्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री मनीष तिवारी ने लुधियाना में घंटाघर पर राष्ट्रीय तिरंगा फहराया।
-----
हिमाचल प्रदेश में गणतंत्र दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। मुख्य समारोह शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर हुआ। अन्य राज्यों से भी गणतंत्र दिवस मनाये जाने के समाचार मिले हैं।
-----
विदेशों से भी गणतंत्र दिवस समारोह मनाए जाने के समाचार मिल रहे है।
श्रीलंका में भारतीय समुदाय ने आज कोलंबो में इंडिया हाऊस में धूमधाम से गणतंत्र दिवस मनाया। एक समारोह में श्रीलंका में भारतीय उच्चायुक्त अशोक कंठ ने तिरंगा फहराया और सैकड़ों लोगों ने राष्ट्र गान गाया।
नेपाल मे भारतीय राजदूत जयंत प्रसाद ने इस मौके पर विभिन्न अस्पतालों, स्वयंसेवी संस्थाओं और शिक्षण संस्थानों को बीस एम्बुलेंस और चार बसें भेंट की।

अफगानिस्तान में काबुल में भारतीय दूतावास में गणतंत्र दिवस मनाया गया। इस अवसर राजदूत गौतम मुखोपध्याय ने झंडा फहराया और राष्ट्रपति का संदेश पढ़ा।
बंगलादेश में भारतीय उच्चायुक्त पंकज सरन ने तिरंगा फहराया।
-----
नाइजीरिया के दक्षिणी तट से अपहृत किये गये पांच भारतीय नाविको को समुद्री डाकुओं ने रिहा कर दिया है। ये नाविक एक महीने से अधिक समय तक इन डाकुओं के कब्जे में रहे हैं। नौवहन कम्पनी मेडालियन मेरीन के प्रवक्ता मार्टिन बाक्सडाले ने आज अबुजा में बताया कि भारतीय नागरिक प्रसन्न और स्वस्थ हैं। हालांकि उन्होने कोई फिरौती देने का कोई खुलासा नही किया है। भारतीय नाविकों का समुद्री डाकुओं ने नाइजीरियाई शहर लागोस से ६० किलोमीटर. दूर समुद्र में अपहरण कर लिया था।
-----
मिस्र के एक न्यायालय ने पिछले वर्ष एक फुटबाल मैच के दौरान हुये दंगों के २१ दोषियों को मौत की सजा सुनाने के कारण पोर्ट सैद शहर में भड़की हिंसा में २२ लोग मारे गये हैं। पिछले वर्ष पोर्ट सैद स्टेडियम में हुये फुटबाल मैच के बाद भड़के संघर्ष में ७४ लोग मारे गये थे।
शहर की जेल के बाहर हुयी गोलीबारी में दो पुलिस अधिकारी मारे गये हैं। हिंसा के बाद शहर में सेना तैनात की गयी है। सेना ने स्वेज+ नहर का नियंत्रण अपने हाथ में ले लिया है।
-----
पाकिस्तान ने लाहौर की जेल में बंद एक भारतीय चम्बेल सिंह की मृत्यु की न्यायिक जांच शुरू कर दी है। यह कदम जेलकर्मियों द्वारा उसकी पिटाई से हुई मृत्यु की मीडिया खबरों और आरोपों के मद्देनजर उठाया है। चम्बेल सिंह जासूसी के आरोप में पांच साल की जेल की सजा काट रहा था।
-----
अफगानिस्तान के विभिन्न प्रांतों में विद्रोहियों के खिलाफ अफगान सुरक्षा बलों और अंतर्राष्ट्रीय सेना के संयुक्त अभियानों में चार विद्रोही मारे गये और १२ अन्य गिरफ्तार किये गये हैं। अंतर्राष्ट्रीय सेना की पूर्वी कमान द्वारा आज जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार संयुक्त सेनाओं ने ग़ज+नी प्रांत के अंदार जिले में तीन विद्राेिहयों को मार गिराया।
-----
विक्टोरिया अजारेंका ने लगातार दूसरी बार ऑस्ट्रेलियाई ओपन टेनिस टूर्नामेंट में महिला सिंग्लस का खिताब जीत लिया है। मेलबर्न में आज फाइनल विश्व की नम्बर एक खिलाड़ी बेलारूस अजारेंका ने चीन की ली ना को चार-छह, छह-चार, छह-तीन से पराजित किया।
पुरुष डबल्स का खिताब शीर्ष वरीयता प्राप्त अमरिका के बॉब और माइक ब्रायन ने अपने नाम किया। फाइनल में ब्रायन बंधुओं ने हॉलैंड के रॉबिन हॉस और आइगोर सिजलिंग को छह-तीन,छह-चार से हराया।
-----
भारत और इंग्लैड के बीच पांचवा और अंतिम एक दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैच कल धर्मशाला में खेला जाएगा। मैच सुबह नौ बजे की जगह साढ़े नौ बजे शुरू होगा। मैच में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और दलाई लामा मुख्य अतिथि होंगे।
भारत श्रृखंला में तीन-एक की अजेय बढ़त ले चुका है।
-----
सूचना और प्रसारण मंत्री मनीष तिवारी ने कहा है कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संबंध में गृह मंत्री के बयान पर भारतीय जनता पार्टी लोगों को गुमराह कर रही है। आज चंडीगढ में संवाददताओं से उन्होने कहा कि काग्रेंस ने कभी भी आतंकवाद को किसी धर्म से नही जोड़ा है। उन्होनें कहा कि मुम्बई आतंकी हमले के आरोपी डेविड हेडली के प्रत्यर्पण की भारत की मांग को अमेरिका को गम्भीरता से लेना चाहिए। इससे मुम्बई हमले के आरोपी को भारतीय कानून के अनुसार सजा देने में मदद मिलेगी।
-----
केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्री जयराम रमेश ने कहा है कि झारखंड के सरांडा इलाका माओवादियों के दबदबे से निकल आया है और वहां लोकतंत्र की जीत हुयी है। उन्होनं आज सरांडा की दीघा पंचायत में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होने इस अवसर पर प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अंतर्गत बनी तीन किलोमीटर लंबी सड़क का उद्घाटन भी किया।
-----
प्रसिद्ध लेखक आशीष नंदी द्वारा अन्य पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति और जन-जाति समुदाय को भ्रष्ट करार देने की राजनीतिक नेताओं ने कड़ी आलोचना की है। आशीष नंदी ने यह टिप्पणी जयपुर साहित्य महोत्सव के एक सत्र के दौरान की।
बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती ने राजस्थान सरकार से आशीष नंदी को तुरन्त जेल भेजने की मांग की है।
-----
देश के कुछ उत्तरी भागों में शीतलहर जारी है। जम्मू कश्मीर में श्रीनगर में कल रात इस मौसम की सर्वाधिक सर्द रात रही। वहां तापमान शून्य से पांच दशमलव आठ डिग्री नीचे रिकार्ड किया गया। काजीगुंड में तापमान शून्य से आठ डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।
पंजाब में तापमान में गिरावट आई है। अमृतसर में न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम, तीन दशमलव दो डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
राजधानी दिल्ली में न्यूनतम तापमान छह दशमलव चार डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
हरियाणा में नारनौल में तापमान तीन दशमलव पांच डिग्री रहा।
उत्तर प्रदेश के मैदानी इलाकों में शीतलहर जारी है।
-----
मद्रास उच्च न्यायालय ने आज कमल हासन की विवादास्पद फिल्म विश्वरूपम को देखा। न्यायालय में इस फिल्म को देखने का फैसला अभिनेता कमल हासन के इस अनुरोध पर किया गया था कि फिल्म पर तमिलनाडु सरकार द्वारा लगाये गये दो सप्ताह के प्रतिबंध पर अंतरिम रोक लगा दी जाये।
-----
केरल में सीमा शुल्क अधिकारियों ने कोचीन अंतराष्ट्रीय हवाई अडड्े पर जेद्दा से आए एक यात्री से लगभग दस लाख रूपए की जाली मुद्रा जब्त की है।
जब्+त मुद्रा में पांच -पांच सौ रूपए के नकली नोट है और इन्हें एक सूटकेस में छिपा कर रखा गया था। यह यात्री केरल के मल्लापुरम जिले का रहने वाला है। मामले की जांच चल रही है।
-----
इलाहबाद महाकुंभ के दूसरे महत्वपूर्ण स्नान पौष पूर्णिमा के लिये सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी है। लाखों तीर्थयात्री कल से शुरू होने वाले एक महीने के कल्पवास के लिये संगम पर पहुंच चुके हैं। यह कल्पवास माघी पूर्णिमा को समाप्त होगा

No comments:

Post a Comment