Wednesday 8 May 2013


८.०५.२०१३ 
दोपहर समाचार
१४१५

मुख्य समाचार
  • कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत मिलने की संभावना। अब तक घोषित ११९ .नतीजों में पार्टी ने ६४ सीटें जीतीं, ५५ पर उसके उम्मीदवार आगे। भारतीय जनता पार्टी ने २८ सीटें जीतीं और १३ पर उसकी बढ़त जनता दल सेक्यूलर ने १७ सीटें जीती और २३ पर आगे।
  • प्रधानमंत्री ने कर्नाटक में कांग्रेस की जीत को भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा की हार बताया।
  • संसद के दोनों सदनों की बैठक अनिश्चिकाल के लिए स्थगित।
  • उच्चतम न्यायालय ने पाकिस्तानी कैदी सनाउल्ला को स्वदेश भेजने की याचिका खारिज की, कहा उसे जेल की सजा पूरी करनी होगी।
  • देश में सूखे की स्थिति से सम्बद्ध अधिकार प्राप्त मंत्रिसमूह ने महाराष्ट्र के सूखाग्रस्त क्षेत्रों के लिए २५६ करोड़ रूपये की अतिरिक्त सहायता राशि मंजूर की।
  • सेंसेक्स में तीसरे पहर तक के कारोबार में साठ अंकों से अधिक का उछाल। डॉलर के मुकाबले रुपया पांच पैसे मजबूत।
---
कर्नाटक में कांग्रेस को विधानसभा चुनाव में पूर्ण बहुमत मिलना लगभग तय है। पार्टी ने अब तक घोषित ११९ नतीजों में से ६४सीटे जीत ली हैं और ५५ पर आगे चल रही है। जनता दल-एस और भारतीय जनता पार्टी के बीच कांटे की टक्कर है। भारतीय जनता पार्टी ने २८ सीटे जीत ली हैं और १३ पर आगे है। जनता दल-एस १७ सीटे जीतकर २३ पर बढ़त बनाए हुए है। कर्नाटक जनता पार्टी दो सीटे जीतकर पांच पर आगे है। अन्य ने आठ सीटे जीती हैं और इतनी ही सीटों पर आगे हैं।

कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी के गढ़ दक्षिण कन्नड़ की आठ सीटों में से सात पर बढ़त बनाए हुए है। बेलगाम जिले के सभी १८ निर्वाचन क्षेत्रों के नतीजे घोषित कर दिये गये हैं। भारतीय जनता पार्टी को आठ, कांग्रेस को छह, कर्नाटक जनता पार्टी तथा बीएसआर कांग्रेस को एक-एक और निर्दलीय को दो सीटे मिली हैं। वरिष्ठ कांग्रेस नेता सिद्ध रमैया वरूणा निर्वाचन क्षेत्र में अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा उम्मीदवार से आगे हैं। बी.एस. येदियुरप्पा शिकारीपुरा निर्वाचन क्षेत्र में बढ़त बनाए हुए हैं। बीएसआर कांग्रेस के अध्यक्ष बी. श्रीरामूल्लू, पूर्व केन्द्रीय मंत्री कांग्रेस के एम एच अम्बरीश और हुबली-धारवाड़ सेन्ट्रल से भाजपा उम्मीदवार मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टर बढ़त बनाए हुए हैं। एक अन्य मंत्री भाजपा के गोविन्द एम. करजोल और निवर्तमान विधानसभा अध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी के के.जी. बोपईया भी बढ़त बनाए हुए हैं। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के.एस. ईश्वरप्पा और पूर्व उच्च शिक्षा मंत्री भाजपा उम्मीदवार एस.ए. रामदास पीछे चल रहे हैं।

पूर्व केन्द्रीय मंत्री कांग्रेस के सी.एम. इब्राहिम भद्रावती से अपने निकटतम प्रतिद्वंदी जनता दल-एस के अपाजी गौड़ा से हार गए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री एस. बंगारप्पा के पुत्र जनता दल-एस के मधु बंगारप्पा सोरब निर्वाचन क्षेत्र से जीत गये हैं, उन्होंने अपने बड़े भाई कांग्रेस के एस. कुमार बंगारप्पा को हराया।

इस बीच, कुछ और नतीजे प्राप्त हुए हैं। जनता दल-एस के प्रदेश अध्यक्ष एच.डी. कुमार स्वामी रामनगरम निर्वाचन क्षेत्र से और उपमुख्यमंत्री भाजपा उम्मीदवार आर. अशोका पद्मनाबननगर से जीत गये हैं। पूर्व मुख्यमंत्री धर्मसिंह के पुत्र कांग्रेस के डॉ. अजय धर्मसिंह जेवरगी निर्वाचन क्षेत्र से जीत गये हैं। होलेनरसिपुर सीट पर विधायक और पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवीगौडा के पुत्र जनता दल-एस उम्मीदवार एच डी रेवन्ना बढ़त बनाए हुए हैं। होनल्ली सीट पर शांतना गौड़ा बढ़त बनाए हुए है। कौप सीट पर भाजपा के लालाजी आर मेंडन कांग्रेस के विनय कुमार से आगे चल रहे हैं। कारकाल सीट पर कांग्रेस के एच. गोपाल भंडारी बढ़त बनाए हुए हैं। कुंडपुर में निर्दलीय श्रीनिवास शेट्टी और मेंगलूर में कांग्रेस के यू.टी खादर अपने निकटत प्रतिद्वंद्वी भाजपा के चन्द्रहास उल्लाल से आगे हैं।
---
प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह ने कहा है कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की विजय भाजपा की विचारधारा की हार है। संसद के बाहर संवाददाताओं से बातचीत में उन्होंने कहा कि पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने इस चुनाव में प्रमुख भूमिका निभाई है। भ्रष्टाचार के बारे में एक प्रश्न के उत्तर में डॉक्टर मनमोहन सिंह ने कहा कि यह एक गंभीर मामला है और हमें मिल बैठकर इसका हल ढूंढना चाहिए। प्रधानमंत्री ने कहा कि खाद्य सुरक्षा विधेयक एक महत्वपूर्ण विधेयक है और सरकार लोगों को खाद्य सुरक्षा उपलब्ध कराने के लिए कृत संकल्प है।
---
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव में पार्टी की विजय पर प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यह एक संयुक्त प्रयास था और वे परिणामों से बहुत खुश हैं।
---
कर्नाटक में विधानसभा चुनाव की मतगणना के परिणामों और रूझानों में कांग्रेस की बढ़त पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए संसदीय कार्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनावों में भी इसका असर पड़ेगा।

अब तो मैच खत्म हो गया है और बीजेपी केवल हारी ही नहीं है, बीजेपी की इनिंग्स डिफिट हुई है। पराजित इनिंग्स से हुए हैं। अब बीजेपी आरोप लगाएगी बॉल पर, पिच पर और बैट पर। कर्नाटक की जनता ने संदेश देश को दिया है, जो पांच आने वाले चुनाव हैं, मध्यप्रदेश में, राजस्थान में दिल्ली में ये एक बहुत साफ और स्पष्ट संदेश है।
जल संसाधन मंत्री हरीश रावत ने कहा है कि एक अच्छी सरकार देने के लिए कर्नाटक की जनता ने हमें जिम्मेदारी दी है।

एक अच्छी गर्वनमेंट देने के लिए कर्नाटक के लोगों ने हमको जिम्मेदारी दी है, क्योंकि इस समय हमारे सामने प्राथमिक जिम्मेदारी है कि कर्नाटक के अन्दर जो निराशा का वातावरण भारतीय जनता पार्टी ने पैदा किया है पिछले पांच सात सालों के अन्दर, उसको दूर करना है।
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता वैंकेया नायडू ने चुनाव परिणामों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी जनादेश को स्वीकार करती है।

पार्टी विनम्रता से इस हार को स्वीकार करते हैं। ये जनादेश है, इसको रेसपेक्ट करना चाहिए। कारण क्या है, इंटरनल प्रॉब्लम्स भी था कर्नाटक में। हम ठीक तरह से उन प्रॉब्लम्स को सही समय पर समाधान नहीं कर पाए, वो एक महत्वपूर्ण कारण है। और साथ ही साथ बाकी अन्य कारणों के बारे में पार्टी विस्तार से इसके बारे में आपस में चर्चा करेंगे, उसके बाद आगे क्या करना है, तय करेंगे।
---
पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा के नेतृत्व वाली जनता दल सेक्युलर ने कहा है कि वह विपक्ष में बैठेगी। पार्टी ने उम्मीद की थी कि वह कर्नाटक में नई सरकार के गठन में बड़ी भूमिका निभाएगी।
---
आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग आज रात साढ़े नौ बजे से साढ़े दस बजे के बीच कर्नाटक विधानसभा चुनाव के जनादेश पर विशेष रेडियो ब्रिज कार्य+क्रम प्रसारित करेगा। इसे राजधानी और एफ एम गोल्ड चैनलों पर सुना जा सकता हैं।
---
संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई है। स्थगन से पहले दोनों सदनों में आज भी शोर-शराबा हुआ और दोनों सदनों की कार्यवाही पहले १२ बजे तक के लिए स्थगित की गई। लोकसभा में बारह बजे कार्यवाही फिर शुरू होने पर सदन में शोरशराबा जारी था। अध्यक्ष मीराकुमार ने सदस्यों से अपनी सीटों पर वापस जाने को कहा। सदस्यों ने उनकी बात मान ली और सदन में फिर से व्यवस्था कायम हो गई।

जिस समय राष्ट्रीय गीत बजाया जा रहा था, बहुजन समाज पार्टी के एक सदस्य सदन से बाहर चले गए। अध्यक्ष ने इस सदस्य के व्यवहार पर कड़ी आपत्ति की और कहा कि उन्होंने इसे बड़ी गंभीरता से लिया है। उन्होंने कहा कि वे सदस्य के खिलाफ उचित कार्रवाई करेंगी।

राज्यसभा में १२ बजे बैठक फिर शुरू होने पर विपक्ष की नारेबाजी के बीच सदन के पटल पर कागजात रखे गए। बाद में सदन ने प्रधानमंत्री सहित अवकाश प्राप्त कर रहे आठ सदस्यों को विदाई दी। सभापति मोहम्मद हामिद अंसारी ने अपने विदाई संबोधन में सदस्यों से कार्रवाई में बार-बार बाधा डालने वाले अपने व्यवहार के प्रभाव का आकलन करने को कहा। उन्होंने कहा कि सदन की मर्यादा को बनाए रखने के लिए विभिन्न मुद्दों पर अपनी राय उचित तरीके से प्रकट की जानी चाहिए। उन्होंने सदस्यों से इस बात पर भी विचार करने को कहा कि कार्यवाही में बार-बार बाधा डालने से चर्चाओं, विधायी कार्य और जवाबदेही के बीच संतुलन बना रहा या नहीं।
---
देश में सूखे की स्थिति के लिए कृषि मंत्री शरद पवार की अध्यक्षता में बनाये गये अधिकार प्राप्त मंत्री समूह ने महाराष्ट्र के सूखाग्रस्त क्षेत्रों के लिए २५६ करोड़ रूपये की अतिरिक्त सहायता राशि को मंजूरी दे दी है। चारे की आपूर्ति को सुचारू बनाने के लिए खली के शुल्क मुक्त आयात को बढ़ाने का फैसला वित्त मंत्रालय पर छोड़ दिया गया है, जो मांग और आपूर्ति का आकलन करने के बाद उचित निर्णय करेगा। अधिकार प्राप्त मंत्रिसमूह की बैठक में वित्त मंत्री पी० चिदम्बरम, गृहमंत्री सुशील कुमार शिन्दे, रेल मंत्री पवन कुमार बंसल और खाद्यमंत्री के० वी० थॉमस ने भाग लिया। बैठक में सूखे से प्रभावित महाराष्ट्र, कर्नाटक, गुजरात और राजस्थान में स्थिति की समीक्षा की गई।
---
भारत ने पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में बुनियादी ढांचा परियोजनाओं से जुड़ी गतिविधियों पर चीन के साथ चिन्ता व्यक्त करते हुए इन्हें तुरन्त रोकने की मांग की है। लोकसभा में आज एक लिखित उत्तर में विदेश राज्यमंत्री परणीत कौर ने कहा कि भारत को चीन और पाकिस्तान के परमाणु सहयोग की भी जानकारी है।
---
उच्चतम न्यायालय ने व्यवस्था दी है कि पाकिस्तान के घायल कैदी सनाउल्ला को स्वदेश भेजने का प्रश्न ही नहीं उठता क्योंकि उसकी कैद की सजा की अवधि अभी पूरी नहीं हुई है। न्यायालय ने केन्द्र और जम्मू-कश्मीर सरकार से भी यह स्पष्टीकरण मांगा है कि सनाउल्ला पर जेल में हमले को रोकने के लिए पर्याप्त उपाय क्यों नहीं किये गए थे।
---
पाकिस्तान में आज एक आत्मघाती बम विस्फोट में दो लोग मारे गये और २७ घायल हो गये। पुलिस के अनुसार आज तड़के पश्चिमोत्तर क्षेत्र में आत्मघाती हमलावर ने विस्फोटक से भरी कार को पुलिस थाने के निकट एक इमारत से टकरा दिया। अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
---
बंगलादेश में पिछले महीने ढाका में एक इमारत ढहने से मरने वालों की संख्या बढ़कर लगभग ७५० हो गई है। यह संख्या अभी और बढ़ने की आशंका है। एक वरिष्ठ सैन्य अधिकारी ने बताया कि घटनास्थल पर करीब ७० प्रतिशत राहत कार्य पूरा हो गया है।
---
बम्बई शेयर बाजार के संवेदी सूचकांक में आज करीब ८२ अंकों की वृद्धि हुई। अब से कुछ देर पहले सेंसेक्स ७० अंक बढ़कर १९ हजार ९६० पर था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्‌टी भी १५ अंक की वृद्धि के साथ .६.हजार ५९ .पर था। अन्तर बैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रूपया आज डॉलर के मुकाबले पांच पैसे मजबूत हुआ। एक डॉलर की कीमत ५४ रूपये नौ पैसे बोली गई।
---
नई दिल्ली में १९वीं राष्ट्रमंडल टेबल टेनिस चैम्पियनशिप के फाइनल में आज भारत की पुरुष टीम का सामना सिंगापुर से होगा।
उधर, आईपीएल ट्वेंटी-ट्वेंटी क्रिकेट मैच में आज हैदराबाद में रात आठ बजे सनराइजर्स हैदराबाद का मुकाबला चैन्नई सुपर किंग्स से होगा

No comments:

Post a Comment