Sunday 31 March 2013


३१.०३.२०१३ 

दोपहर समाचार
१४१५
मुख्य समाचार : -
  • भारतीय जनता पार्टी के संसदीय बोर्ड के नए सदस्यों के नामों की घोषणा। गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी फिर से शामिल किये गये।
  • असम में कामरूप जिले के सॉलकुचि शहर में कर्फ्यू में एक से शाम चार बजे तक ढील।
  • रामेश्वरम के हड़ताली मछुआरों ने मछली पकड़ने के लिए कल से समुद्र में जाने का फैसला किया।
  • विश्व भर में आज ईस्टर धार्मिक श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है।
  • सेरेना विलियम्स ने मारिया शारापोवा को हराकर मयामी ओपन टेनिस प्रतियोगिता लगातार छठी बार जीती।

--- 
भारतीय जनता पार्टी ने अपने संसदीय बोर्ड के नए सदस्यों के नामों की घोषणा की है। संसदीय बोर्ड निर्णय करने वाली यह पार्टी की सर्वोच्च संस्था है। श्री नरेन्द्र मोदी एकमात्र मुख्यमंत्री हैं जिन्हें इसमें शामिल किया गया है। पार्टी के नए महासचिव हैं-वरूण गांधी , अमित शाह और राजीव प्रताप रूडी। उपाध्यक्षों के पद पर उमा भारती, स्मृति ईरानी, मुख्तार अब्बास नकवी और प्रभात झा की नियुक्ति की गई है। 
खबरों के अनुसार नई टीम की घोषणा करने से पहले सूची को अंतिम रूप देने के सिलसिले में पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी से भेंट की थी। संसदीय बोर्ड के सदस्य २०१४ के आम चुनावों में पार्टी का नेतृत्व करेंगे। 
---
वित्त मंत्रालय ने सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों से कहा है कि वे एक सीमा तक ही ऋण राशि को बट्टे खाते में डालें। मंत्रालय ने २०११-१२ तक समाप्त हुए छह वर्षों के दौरान ऋणों की वसूली के ब्यौरे भी मांगे हैं। इसका उद्देश्य सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की वित्तीय स्थिति को सुधारना है। बैंक जिन ऋणों की वसूली नहीं कर पाते, उन्हें बट्टे खाते में डाल देते हैं। मंत्रालय ने बैंकों से यह सुनिश्चित करने को भी कहा है कि किसी वर्ष के दौरान वसूल की गई राशि की तुलना में बट्टेखाते में डाले गए ऋण अधिक नहीं होने चाहिएं। वित्त मंत्रालय ने इस सिलसिले में सार्वजनिक क्षेत्र के सभी बैंक प्रमुखों को हाल में एक पत्र लिखा है जिसमें कहा गया है कि यदि किसी वर्ष में बैंकों द्वारा वसूल किए गए ऋण के मुकाबले बट्टे खाते में डाली गई राशि अधिक हो तो मंत्रालय को इसके कारणों की जानकारी उपलब्ध कराई जाए। 
वित्तमंत्री पी चिदंबरम ने इस महीने के शुरू में सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक प्रमुखों के साथ एक समीक्षा बैठक में वसूल न हो सकने वाले कर्जों के बढ़ते जाने पर चिंता व्यक्त की थी। 
---
सरकार ने फरवरी में सेवा कर के रूप में दस हजार ४५३ करोड़ रूपए की वसूली की है। वसूली में इस वृद्धि से पता चलता है कि सेवा कर से बचने वालों को सरकार ने जो चेतावनी दी थी, उसके अच्छे परिणाम सामने आने लगे हैं। यह जानकारी देते हुए वित्त मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सेवा कर के रूप में जनवरी में जितनी राशि वसूली की गई थी उसके मुकाबले फरवरी में वसूल की गई राशि ४४ प्रतिशत अधिक है। राजस्व विभाग ने जनवरी में सेवा कर के तहत केवल सात हजार २५५ करोड़ रूपए इकट्ठे किए थे। 
---
असम में कामरूप जिले के सॉलकुचि शहर में आज दोपहर एक बजे से शाम चार बजे तक कर्फ्यू में ढील दी गई है। पुलिस महानिरीक्षक एल आर बिश्नोई ने बताया कि कल की हिंसा की घटनाओं में कथित रूप से शामिल होने के कारण सुरक्षाबलों ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। स्थिति नियंत्रण में है लेकिन सुरक्षाबल सतर्कता बरत रहे हैं। राज्य के गृहसचिव जी डी त्रिपाठी ने कहा है कि कल की घटनाओं की मजिस्ट्रेट से जांच कराने के आदेश दिए गए हैं। सुरक्षाबलों के साथ कल व्यापारियों की झड़पों के बाद प्रशासन ने कर्फ्यू लगा दिया था। एक रिपोर्ट-
 
मुख्यमंत्री तरूण गोगोई ने सॉलकुचि में स्थिति सुधारने के लिए सभी जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिये हैं। कामरूप जिले के उपायुक्त ने पूरे जिले में स्थानीय मेखला चादर के नाम पर बनारसी कपड़ों की बिक्री पर रोक लगा दी है। रंगाली बिहु में कुछ दिन बाकी रहते हुए बुनकरों को बिक्री में तेजी आने की उम्मीद थी लेकिन कुछ व्यापारियों द्वारा नकली कपड़े की बिक्री को लेकर गुस्साये लोग हिंसा पर उतर आये थे। सॉलकुचि के लगभग २५ हजार लोग इस उद्योग से जुड़े हुए हैं। मानस प्रतिम सरमा आकाशवाणी समाचार गुआहाटी।
---

तमिलनाडु में रामेश्वरम के मछुआरों ने कल से समुद्र में मछली पकड़ने के लिए जाने का फैसला किया है। पिछले एक पखवाड़े से भी अधिक समय से वे हड़ताल पर हैं और उनकी मांग है कि श्रीलंका की जेल में बंद तमिलनाडु के उन्नीस मछुआरों की रिहाई कराई जाए। मछुआरों के संगठन के अनुसार जिला प्रशासन ने उन्हें आश्वासन दिया है कि रिहाई सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। संगठन का कहना है कि अगर तीन दिन में कोई कार्रवाई नहीं की गई तो वे अपने आंदोलन को और तेज कर देंगे।
---
वर्ष २०१२-१३ के दौरान विकास दर के मामले में मध्यप्रदेश देश के प्रमुख राज्यों में अग्रणी रहा है। वर्ष के लिए जारी केन्द्रीय सांख्यिकी संगठन के अस्थाई आंकड़ों के अनुसार मध्यप्रदेश के सकल राज्य घरेलू उत्पाद में २०१२-१३ के दौरान १४ दशमलव दो-आठ प्रतिशत और कृषि उत्पादन में दस दशमलव शून्य दो प्रतिशत की वृद्धि होने का अनुमान है। इन आंकड़ों का महत्त्वपूर्ण पहलू यह है कि सकल राज्य घरेलू उत्पाद के मामले में मध्यप्रदेश ने बिहार को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान हासिल किया है। 
---
देश की सभी ढाई लाख पंचायतों में ब्रॉडबैंड की सुविधा उपलब्ध कराने की तैयारी की जा रही हैं। इसके लिए बीस हजार करोड़ रूपये. की लागत से राष्ट्रीय ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क कायम किया जाएगा। योजना के तहत, देश के सभी गांवों को मोबाइल वायरलैस ब्रॉडबैंड से जोड़ा जाएगा। सरकार ने शुरू में आंध्र प्रदेश, त्रिपुरा और राजस्थान को सुपर ऑप्टिक हाइवे से जोड़ने का फैसला किया है।
---
ओडिशा सरकार ने लोगों को पीने का साफ पानी अधिकतम ढाई सौ मीटर के दायरे में उपलब्ध कराने का फैसला किया है। हालांकि, ये योजना केवल उन इलाकों में लागू की जाएगी जहां कम से कम ढाई सौ लोग रहते हों। हमारे संवाददाता ने बताया है कि राज्य सरकार ने प्रत्येक ग्राम पंचायत के मुख्य गांवों तक पाइप से पानी पहुंचाने की सभी परियोजनाओं को दो वर्ष के भीतर पूरा करने का भी निर्णय लिया है। 
 
केन्द्र और राज्य सरकार ग्रामीण इलाकों में शुद्ध पेयजल आवंटन के लिए ग्रामीण पेयजल कार्यक्रम चला रहे हैं। जिसके तहत हर दिन प्रति व्यक्ति ५५ लीटर शुद्ध पेयजल सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसे हासिल करने के लिए ओडीशा सरकार ने ग्रामीण पेयजल योजना के तहत ओवरहैड पानी टंकी बनाने का निश्चय किया है। राज्य की लगभग आठ हजार ऐसी पेयजल योजनाओं में से लगभग तीन हजार योजनाओं में पानी टंकी का निर्माण किया जा चुका है। कटक से आकाशवाणी के लिए गिरीश चन्द्र दास। 
---
कश्मीर घाटी में काजीगुंड और जम्मू डिवीजन में बनिहाल के बीच रेल संपर्क इस वर्ष मई तक कायम हो जाएगा। हमारे श्रीनगर संवाददाता ने बताया है कि यह रेल संपर्क सामरिक और आर्थिक दृष्टि से बहुत महत्वपूर्ण है। 
 
अगले एक माह के दौरान कश्मीर घाटी में चल रही बारामुला-काजीगुंड रेल सेवा का जम्मू क्षेत्र के बनिहार इलाके तक विस्तार होगा। काजीगुंड से बनिहाल तक रेल रागता काफी महत्वपूर्ण है और आला तकनीक का एक नमूना भी। इसमें ११ किलोमीटर लम्बा भारत का सबसे लम्बा और एशिया का तीसरा सबसे लम्बा रेल टनल शामिल है। इसके फलस्वरूप काज+ीगुंड और बारामुला के बीच दूरी में १७ किलोमीटर की कमी हुई है। मई में इस रेल सेवा के प्रारम्भ होने से पर्यटक और वाणिज्य सहित विभिन्न शोधों को काफी बल मिलने की आशा है। मुश्ताक अहमद तांत्रे आकाशवाणी समाचार श्रीनगर। 
---

ईस्टर आज धार्मिक श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। सलीब पर चढ़ाए जाने के तीसरे दिन प्रभु ईसा मसीह के पुनर्जीवित होने की याद में यह दिन मनाया जाता है। इसी दिन ५० दिन का उपवास भी सम्पन्न होता है। 
प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह ने ईस्टर के अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दी। अपने संदेश में डॉ० सिंह ने कहा कि ईसा मसीह के जीवित होने का शाश्वत महत्त्व यह है कि नफरत को प्रेम से और असत्य को सत्य से जीता जा सकता है। 
केरल के मुख्यमंत्री ओमान चांडी ने इस अवसर पर लोगों को बधाई दी है।
नगालैंड के राज्यपाल अश्विनी कुमार और मुख्यमंत्री नेफ्यू रिओ ने ईस्टर सण्डे पर लोगों को बधाई दी है। अपने संदेश में उन्होंने कहा है कि ईस्टर ईश्वर के प्यार, बलिदान और क्षमा की याद दिलाता है। एक रिपोर्ट-

राजधानी कोहिमा में युद्ध शहीद स्मारक पर विभिन्न धर्मों के लोगों ने आज सवेरे ईस्टर सनराइज सेवा में हिस्सा लिया। इस अवसर पर ही लाइव्स गीत बजाया गया। राज्य के मुख्य सचिव अलेमतेमशी जमीर ने लोगों से अपील की कि वे प्रभु के पुर्नजीवन पर विश्वास करें। उन्होंने कहा कि लोगों को ईसा के संदेश का प्रसार करना चाहिए, जिन्होंने दूसरे लोगों से उतना ही प्रेम करने की शिक्षा दी जितना व्यक्ति स्वयं से करता है। कोहिमा से अनेन्ला जमीर की रिपोर्ट के साथ दिल्ली से मैं रंजीत रंजन। 
---
ईस्टर के अवसर पर एक अरब बीस करोड़ कैथोलिक ईसाइयों का नेतृत्व करते हुए पोप फ्रांसिस ने एक प्रार्थनासभा में धर्म से भटके लोगों से अपील की कि वे ईश्वर में फिर से आस्था कायम करें। इस महीने की १३ तारीख को फ्रांसिस पोप चुने गये थे। प्रार्थनासभा के अवसर पर करीब दस हजार ज्ञद्धालुओं ने पोप के साथ मोमबत्तियां जलाईं। 
---
दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी सेरेना विलियम्स ने मयामी ओपन टेनिस प्रतियोगिता का महिला सिंगल्स खिताब लगातार छठी बार जीत लिया है। सेरेना ने कल मयामी में फाइनल मैच में मारिया शारापोवा को ४-६, ६-३, ६-० से हरा कर खिताब अपने नाम किया। 
उधर, पुरुष सिंगल्स में ब्रिटेन के एंडी मर्रे और स्पेन के डेविड फेर्रर के बीच आज मुकाबला होगा। इससे पहले, कल मर्रे ने फ्रांस के रिचर्ड गास्केट को ६-७, ६-१, ६-२ से हरा कर फाइनल में प्रवेश किया।
---
अमरीका में बड़े कारोबारियों और श्रमिकों के बीच एक समझौते से एक करोड़ दस लाख अवैध प्रवासियों के लिए नागरिकता हासिल करने का रास्ता साफ हो गया है। समझौते के तहत पहली अप्रैल २०१५ से नया डब्ल्यू वीजा कार्यक्रम शुरू किया जायेगा। ऐसे वीजा धारक एक वर्ष बाद स्थाई नागरिकता के लिए पात्र हो जायेंगे और वे अपना रोजगार भी बदल सकेंगे।इस कार्यक्रम के तहत पहले वर्ष में बीस हजार वीजा जारी किए जायेंगे जिसे बाद में बढ़ाकर दो लाख वीजा प्रतिवर्ष किया जा सकता है।
---
श्रीलंका के राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे ने कहा है कि सरकार धार्मिक उग्रवाद की इजाजत नहीं देगी और गैर बौद्ध अल्पसंख्यकों की रक्षा करेगी। देश में बौद्ध भिक्षुओं द्वारा मुस्लिम व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर हमलों की घटनाओं के सिलसिले में उन्होंने यह विचार व्यक्त किए। श्री राजपक्षे ने वहेराहेना में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि अल्पसंख्यकों पर हमलों से श्रीलंका विरोधी तत्वों को ही मदद मिलेगी। 
---
अफगानिस्तान में राष्ट्रपति हामिद करजई के आदेश के बाद राजधानी काबुल के निकट वरदक प्रान्त में स्थित एक ठिकाने से अमरीकी विशेष कार्रवाई बल को हटा लिया गया है। अमरीकी सेना की कमान के अंतर्गत स्थानीय अफगान पुलिस द्वारा संदिग्ध उग्रवादियों के अपहरण, उनकी यातना और उन्हें मौत के घाट उतारे जाने की शिकायतों के बाद यह आदेश दिया गया है। लेकिन स्थानीय पुलिस ने इन आरोपों का खंडन किया गया है। अफगान सुरक्षा बल ने वरदक प्रान्त का नियंत्रण संभाल लिया है। 
---
दक्षिण अफ्रीकी सेना के पांच सदस्य एक हेलीकॉप्टर दुर्घटना में मारे गए। अधिकारियों ने बताया कि यह हेलिकॉप्टर कल शाम क्रूजेर नेशनल पार्क में गैंडों के अवैध शिकारियों पर नजर रखने के लिए गश्त कर रहा था। यह एक सामान्य गश्त थी और मामले की जांच की जा रही है

No comments:

Post a Comment