Sunday 29 September 2013

२९ सितम्बर, २०१३
समाचार प्रभात
०८००
मुख्य समाचार :
  • प्रधानमंत्री ने कहा-पाकिस्तान अपनी जमीन से चल रहा आतंकवादी तंत्र  बन्द करे। डॉ मनमोहन सिंह ने कहा मौजूदा राजनीतिक हकीकत के मद्देनजर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद को पुनर्गठित किया जाए।
  • उत्तर प्रदेश सरकार ने मेरठ जिले के खेड़ा गांव में आज प्रस्तावित महापंचायत पर प्रतिबन्ध लगाया।
  • नाइजीरिया में नाव दुर्घटना में ४२ लोगों की मौत और १०० लापता।
  • २१ वर्ष से कम आयु की सुल्तान ऑफ जौहर कप हॉकी प्रतियोगिता के फाइनल में आज भारत का मुकाबला मलेशिया से।
-----
प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह ने जोर देकर कहा है कि जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है और देश की एकता और क्षेत्रीय अखंडता से कभी किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता। न्यूयार्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा के ६८वें सत्र को संबोधित करते हुए उन्होंने पाकिस्तान से कहा कि वह अपनी जमीन से चल रहे आतंकवादी तंत्र को बंद करे। 

भारत पाकिस्तान के साथ शिमला समझौते के आधार पर द्विपक्षीय बातचीत के जरिए जम्मू कश्मीर सहित सभी मामलों को हल करने के लिए गंभीरता से प्रतिबद्ध है। हालांकि आगे बढ़ने के लिए यह जरूरी है कि पाकिस्तान की जमीन का और उसके नियंत्रण का कोई भी हिस्सा भारत के खिलाफ आतंकवाद को बढ़ावा देने और चलाने के लिए इस्तेमाल ना किया जाए। यह भी उतना ही महत्वपूर्ण है कि आतंकवादी तंत्र जिसे पाकिस्तान से बल मिलता है, उसे बंद किया जाना चाहिए। 
    
डॉ. मनमोहन सिंह ने फिर कहा कि आतंकवाद दुनिया के हर कोने में सुरक्षा और स्थिरता के लिए गंभीर खतरा बना हुआ है और निर्दोष लोगों की मौत का कारण बनता है। उन्होंने कहा कि सीमा-पार से पाकिस्तानी सरकार के समर्थन से चल रहा आतंकवाद भारत के लिए विशेष रूप से चिंता का विषय है। यह चिंता और भी गंभीर है क्योंकि आतंकवाद का गढ़ हमारे पड़ोस में पाकिस्तान में ही है। डॉ. सिंह ने कहा कि उन्हें आज पाकिस्तानी प्रधानमंत्री नवाज+ शरीफ से मुलाकात का इंतजार है। 

हमें अपनी प्रतिबद्धता को फिर से दोहराने की जरूरत है विशेष रूप से यहां संयुक्त राष्ट्र में आतंकवाद के खिलाफ संगठित सौहार्द्रपूर्ण और सतत्‌ वैश्विक कार्रवाई के लिए। आतंकवादियों को पनाह, हथियार, प्रशिक्षण और पैसा देने वाले देशों को बर्दाशत नहीं किया जा सकता। ना ही वे अपनी जमीन को आतंकवाद के लिए इस्तेमाल होने पर अपनी जिम्मेदारी से छुटकारा पा सकते है।     

प्रधानमंत्री ने सुरक्षा परिषद में सुधार की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

सुरक्षा परिषद में सुधार की आवश्यकता है मौजूदा राजनीतिक हकीकत को देखते हुए इसका पुनर्गठन किया जाना चाहिए। विकासशील देशों को स्थायी और अस्थायी सदस्यों के रूप में प्रतिनिधित्व दिया जाना चाहिए। बहुउद्देशीय वित्तीय संस्थानों को निर्णय प्रक्रिया में विकासशील देशों की आवाज बुलंद करनी चाहिए।

संयुक्त राष्ट्र महासभा के ६८वें सत्र की अध्यक्षता संयुक्त राष्ट्र में एंटीगुआ और बारबूडा के पूर्व राजदूत जॉन डब्ल्यू ऐश कर रहे हैं। इस सत्र का विषय है - २०१५ के बाद विकास का एजेंडा। प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि इस विषय का विशेष महत्व है क्योंकि हम वैश्विक-आर्थिक मंदी के उतार-चढ़ाव और वित्तीय बाजारों में लगातार हो रही उथल-पुथल से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि दुनियाभर में गरीबी की मार झेल रहे एक खरब से ज्यादा लोगों की समस्याओं को सुलझाने के सीधे प्रयासों की जरूरत है। 

भारत में हम कई तरीकों से समन्वित विकास को प्रोत्साहित करते है। कानून ने शिक्षा और सुरक्षित ग्रामीण जीवन को सुनिश्चित करने के लिए कानून का दायरा बढ़ाया गया है। हम खाद्य सुरक्षा के लिए दुनिया का सबसे बढ़ा कार्यक्रम तैयार कर रहे है। हमारे यहां जन सेवाएं देने और जनता को लाभ पहुंचाने के लिए डिजीटल तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। 

पश्चिम एशिया, विशेषकर सीरिया में अस्थिरता पर चिंता व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि उस देश में लगातार बढ़ रहा जान लेवा संघर्ष न केवल सीरिया के लोगों के लिए दुख का विषय है बल्कि आसपास के क्षेत्र और आगे तक स्थिरता और सुरक्षा के लिए खतरा है। रासायनिक हथियारों के इस्तेमाल की कड़ी से कड़ी निंदा की जानी चाहिए।

परमाणु हथियारमुक्त विश्व के लिए कार्य योजना शुरू करने में तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी की सराहना करते हुए डॉ. मनमोहन सिंह ने कहा कि परमाणु प्रसार के खिलाफ प्रयासों को मजबूत करने की आवश्यकता है। उन्होंने सार्वभौमिक स्तर पर परमाणु निरस्त्रीकरण के लिए समयबद्ध रणनीति अपनाने का आह्‌वान किया।

संयुक्त राष्ट्र महासभा के ६८ सत्र को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह ने इस बात को एक बार फिर कड़े शब्दों में साफ कर दिया कि जम्मू कश्मीर भारत का अटूट अंग है और भारत की स्थिरता और सुरक्षा को अस्थिर करने के लिए आतंकवाद को बर्दाशत नहीं किया जाएगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज पूरे विश्व को कई चुनौतियों का सामना है और अंतर्राष्ट्रीय शांति, सुरक्षा और समृद्धि को आगे बढ़ाने में संयुक्त राष्ट्र की भूमिका पर हर एक का नये सिरे से ध्यान है। पुनः आशा जताई कि वर्ष २०१५ तक संयुक्त राष्ट्र को इस तरह से सुधार किया जाएगा। जिससे वह प्रभावी ढंग और वैध तरीके से अपने उद्देश्यों को पूरा कर सके और लोगों की आशाओं पर पूरा खरा उतर सके। आकाशवाणी समाचार के लिए न्यूयार्क से मै वीना जैन के साथ आर के रैना। 
-----
प्रधानमंत्री ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में अपने कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने बंगलादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना से मुलाकात की। उन्होंने सीमा विवाद, तीस्ता नदी के पानी के बंटवारे, ऊर्जा निर्यात और वित्तीय सहायता जैसे विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। तीस्ता मुद्दे पर डॉ. सिंह ने संकेत दिया कि उनकी सरकार इसका जल्द से जल्द हल निकालने के लिए चर्चा जारी रखेगी। प्रधानमंत्री ने नेपाल की मंत्री परिषद के अध्यक्ष से भी मुलाकात की। उन्होंने कहा कि भारत, नेपाल की चुनाव प्रक्रिया को खुले दिल से समर्थन देगा। डॉ. सिंह ने मॉरिशस के प्रधानमंत्री से मुलाकात की और आपसी महत्व के मुद्दों पर चर्चा की।
-----
भारत और चीन आज पेइचिंग में नए सीमा समझौते पर वार्ता करेंगे। यह वार्ता सीमा मुद्दों पर चीन-भारत समूह- चीन भारत सीमा मामलों पर परामर्श और समन्वय के कार्य तंत्र'' द्वारा आयोजित की जाएगी। प्रधानमंत्री की अगले महीने की चीन यात्रा से पहले और नियंत्रण रेखा पर चीन के सैनिकों की कई बार घुसपैठ की पृष्ठभूमि में यह बैठक हो रही है। इसमें दोनों पक्षों द्वारा प्रस्तावित सीमा रक्षा सहयोग समझौते पर चर्चा किए जाने की उम्मीद है। 
-----
उत्तर प्रदेश में जिला प्रशासन ने मेरठ के सरधना पुलिस थाना क्षेत्र में खेड़ा गांव में आज प्रस्तावित सर्वजातीय महापंचायत पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है। महापंचायत का आह्‌वान कुछ राजनेताओं ने मुजफ्फरनगर हिंसा के दौरान लोगों को भड़काने के आरोपों के बाद भाजपा के कुछ विधायकों की गिरफ्तारी के खिलाफ किया है। मेरठ के जिला मजिस्ट्रेट नवदीप रिन्वा ने बताया कि अगर कोई जिले के सामाजिक ताने-बाने को बिगाड़ने की कोशिश करेगा तो महापंचायत के आयोजकों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। 

प्रधान गृह सचिव आर.एम. श्रीवास्तव के हवाले से हमारे संवाददाता ने खबर दी है कि मुजफ्फर नगर में ऐसी महापंचायतों के बाद फैली व्यापक हिंसा के मद्दे नजर यह रोक पूरी कड़ाई के साथ लगाई जाएगी।

प्रशासन ने लोगों के समूहों में एकत्रित होने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाते हुए २७ सितम्बर से ही मेरठ जिले में धारा १४४ लागू कर रखी है। सर्वजाति महापंचायत का आवाह्‌न करने वाले प्रमुख लोगों को प्रशासन ने विशेष नोटिस भेजकर उन्हें ऐसा करने से सख्ती से मना किया है। जिले के सभी संवेदनशील इलाकों में अर्धसैनिक बलों की कुल ३२ कंपनियों तैनात की गई है। मुजफ्फरनगर के नगला मंसोड़ में इस महीने के शुरू में ऐसी ही एक महापंचायत के बाद पूरे क्षेत्र में व्यापक हिंसा हुई थी। मेरठ के जिला प्रशासन ने इससे कड़ा सबक लेते हुए आज खेड़ा में बुलाई गई महापंचायत को हर कीमत पर रोकने और उसे न होने देने का फैसला और प्रबंध कर रखा है। मिराजुद्दीन आकाशवाणी समाचार, लखनऊ।

इस बीच, राज्य सरकार ने मुजफ्फरनगर में प्रवीण कुमार की जगह हरिनारायण सिंह को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया है।
-----
मुम्बई में मझगांव डॉकयार्ड इमारत ढहने के बाद राहत और बचाव कार्य आज सुबह पूरा कर लिया गया। इमारत ढहने से मरने वालों की संख्या बढ़ कर ६१ हो गई है इसके अलावा ३२ घायलों का सरकारी अस्पतालों में इलाज चल रहा है।

मुंबई के मझगांव स्थित डाकयार्ड भवन गिरने के करीब ४८ घंटे बाद आज सुबह बचाव कार्य पूरा हो गया। बीएमसी अधिकारियों ने कहा कि ८ मृतकों की पहचान कर ली गई है जिसमें मराठी दैनिक के संपादक योगेश पवार शामिल है। पुलिस ने डाग स्क्वाड की मदद से सुरक्षा की दृष्टि से स्थल का निरीक्षण किया। ३२ घायल लोगों का जेजे और नायर अस्पतालों में इलाज चल रहा है। घायलों में ८ की हालत गंभीर है। इससे पहले पुलिस ने सूचित किया कि डेकोरेटर अशोक मेहता को गिरफ्तार किया गया है। माना जा रहा है कि मेहता द्वारा भवन के पहले दो फ्लोर में मरम्मत कार्य के कारण ये दुर्घटना हुई। देवप्रिय भट्टाचार्य और उमेश की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं विभा बिष्ट।
-----
नाइजीरिया में नाइजर नदी में एक नौका दुर्घटना में ४२ लोग मारे गए और एक सौ लापता हैं। लाबोश में आपात प्रबंधन एजेंसी के अध्यक्ष मोहम्मद शबा ने बताया कि १५० यात्रियों और सामान से ठसाठस भरी एक नौका शुक्रवार को नाइजर में मलीली गांव से रवाना होने के दो दिन बाद दो भागों में टूट गई। राहत और बचाव कार्य जारी है।
-----
मलेशिया में चल रही २१ वर्ष से कम आयु के खिलाड़ियों की सुलतान ऑफ जोहार बारू कप हॉकी प्रतियोगिता का फाइनल में मेजबान मलेशिया और भारत के बीच आज खेला जाएगा।  अंतिम लीग मैच में कल  दोनों टीमों ने तीन-तीन गोल दागे।
-----
१७वीं एशियाई पुरूष वॉलीबॉल चैंपियनशिप का उद्घाटन मैच आज दुबई में भारत और कतर के बीच होगा। आज अगर भारत जीत जाता है तो उसे सीधे क्वार्टर फाइनल में प्रवेश मिल जाएगा।
-----
समाचार पत्रों सें
  • संयुक्त राष्ट्र महासभा में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के भाषण के अलग-अलग अंशों को समाचार पत्रों ने महत्व दिया है। जनसत्ता और राष्ट्रीय सहारा ने पाकिस्तान को दिये कड़े संदेश को सुर्खी बनाया है कि आतंकवाद को संरक्षण देना तुरंत बंद करे। दैनिक जागरण की खबर है कि अमरीकी राष्ट्रपति ओबामा भी पाकिस्तान पर दबाव बनायेंगे। हरिभूमि ने आज मनमोहन-शरीफ मुलाकात का जिक्र करते हुए लिखा है-वार्ता से पहले जम्मू में फिर हमला।    
  • वीर अर्जुन की अहम सुर्खी है-अध्यादेश पर थमा नहीं बवाल। पंजाब केसरी ने इस राजनीतिक बवंडर बताया है। बकौल राष्ट्रीय सहारा राहुल को मिला नीतीश का साथ। दैनिक जागरण का कहना है कि संतुलन साधने में जुटी कांग्रेस। हिन्दुस्तान को लगता है-पीएम को मनायेंगे राहुल। नवभारत टाइम्सका कयास है कि गुरूवार को वापस हो सकता है -अध्यादेश।
  • हिन्दुस्तान ने लिखा है कि अगर अध्यादेश खटाई में पड़ा तो उत्तर प्रदेश के एक सौ नवासी माननीयों की सदस्यता खतरे में पड़ जाएगी।   
  • देशबंधु ने राज्यसभा सदस्य कुणाल घोष के पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी के खिलाफ बोलने पर पार्टी से निलम्बित किये जाने की खबर दी है।    
  • राष्ट्रीय सहारा ने जेडीयू विधायक छेदी पासवान को छह वर्ष के लिए पार्टी से निष्कासित किये जाने की खबर दी है।    
  • गुजरात के मुख्य मंत्री नरेन्द्र मोदी की आज राजधानी दिल्ली में प्रस्तावित रैली का जिक्र लगभग सभी अख़बारों में है।    
  • पहल शीर्षक से दैनिक भास्कर ने लिखा है कि चुनावों में अब तक यही होता आया है कि पार्टियां उम्मीदवार घोषित करती हैं और मतदाता उन्हें वोट देते हैं लेकिन मध्यप्रदेश की बिजावर विधानसभा सीट के लिए जनता की पसंद के उम्मीदवार की खोज हो रही है। कुछ वरिष्ठ गांधीवादी गांव-गांव में चौपाल लगाकर लोगों से उनकी पसंद के नाम पूछ रहे हैं।

No comments:

Post a Comment