Friday 6 September 2013

दिनांक : ०६ सितम्बर , २०१३
समाचार प्रभात
०८००
मुख्य समाचार :
प्रधानमंत्री का जी-२० नेताओं से आर्थिक वृद्धि को उबारने के लिए सामूहिक प्रतिबद्धता दिखाने का आग्रह। कहा विकसित देशों की गैर परम्परागत मौद्रिक विस्तार नीतियों से विकासशील देशों को नुकसान की आशंका।
भूमि अधिग्रहण, पुनर्वास, पुनर्व्यस्थापन और उचित मुआवजा तथा पारदर्शिता विधेयक-२०१२ को संसद की मंज्+ाूरी।
भारतीय रिज+र्व बैंक ने बैंकों से के.वाई.सी. सूचना प्रक्रिया का सख्ती से पालन करने और उपभोक्ताओं की निजता में दखल न देने को कहा।
अफगानिस्तान के पूर्वी पक्तिका प्रांत में अज्ञात बंदूकधारियों ने जानी-मानी भारतीय लेखिका सुष्मिता बैनर्जी की हत्या की।
अमरीकी ओपन टेनिस में भारत के लिएंडर पेस और चेक गणराज्य के राडेक स्टेपानेक की जोड़ी पुरुष डबल्स फाइनल में।
-
भारत ने विकसित देशों से गैर परंपरागत मौद्रिक विस्तार नीतियां बनाने में सावधानी बरतने को कहा है, ताकि विकासशील देशों को नुकसान न हो। उसने ऐसी स्थिति से बचने के लिए आपसी आकलन प्रक्रिया मज+बूत करने की भी वकालत की है। रूस के सेंट पीटर्सबर्ग में जी-२० शिखर सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में कल प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा कि दूसरे देशों से अचानक पूंजी आने से न केवल मुद्रा विनिमय दर पर असर होता है, बल्कि उधारी और परिसंपत्तियों के मूल्यों पर भी असर पडता है। इसके कारण उभरती अर्थव्यवस्थाओं के शेयर और मुद्रा बाज+ारों में आज उथल-पुथल हो रही है।
डॉक्टर सिंह ने कहा कि जी-२० को वृद्धि दर को उबारने के लिए सामूहिक प्रतिबद्धता दिखानी चाहिए। उन्होंने विकासशील अर्थव्यवस्थाओं की आर्थिक वृद्धि को फिर मज+बूत करने पर ध्यान दिए जाने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यह वैश्विक अर्थव्यवस्था के विकास के लिए आवश्यक है।
डॉक्टर सिंह ने कहा कि विकासशील देशों में रोज+गार जुटाने की नीति में कौशल विकास पर जोर देना चाहिए। प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा कि अंतर्राष्ट्रीय समुदाय को दोहा दौर की वार्ता फिर शुरू करने पर भी बल देना चाहिए।
-
संसद ने भूमि अधिग्रहण, पुनर्वास, पुनर्व्यस्थापन और उचित मुआवजा तथा पारदर्शिता विधेयक-२०१२ को कल पारित कर दिया। लोकसभा ने इसमें प्रस्तावित चार महत्वपूर्ण संशोधनों को शामिल किया है। राज्यसभा इसे पहले ही पारित कर चुकी है। यह विधेयक देश में भूमि अधिग्रहण के सौ साल से भी पुराने कानून की जगह लेगा। इससे किसानों को उनकी भूमि के बदले उचित और पर्याप्त मुआवजा मिल सकेगा। उन्हें ग्रामीण क्षेत्रों में बाजार कीमत से चौगुना मुआवजा दिये जाने तथा शहरी क्षेत्रों में दोगुना ज्यादा मुआवजा दिये जाने की व्यवस्था की गई है। विधेयक में सरकारी और निजी भागीदारी वाली परियोजनाओं के लिए किसानों की जमीन लिये जाने पर कम से कम ७० फीसदी किसानों की सहमति अनिवार्य की गई है।
-
शहरों के रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं के अधिकारों को संरक्षण देने के लिए एक विधेयक लोकसभा में पेश किया गया है। रेहड़ी पटरी विक्रेता (आजीविका संरक्षण और रेहड़ी विक्रय विनियमन विधेयक)पेश करते हुए आवास और शहरी गरीबी उन्मूलन मंत्री गिरिजा व्यास ने कहा कि रेहड़ी पटरी विक्रेताओं को पुलिस, नगर निगम अधिकारियों और अन्य लोगों के उत्पीड़न से बचाने के लिए यह विधेयक लाया गया है। उन्होंने कहा कि देश की करीब दो प्रतिशत आबादी रेहड़ी पटरी से अपनी आजीविका चला रही है और कुछ वर्षों में यह संख्या बढ़कर ढाई प्रतिशत हो जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित विधेयक के पारित हो जाने के बाद ये लोग बिना किसी डर के रोजी रोटी कमा सकेंगे।
-
संसद ने भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड कानून में संशोधन को मंजूरी दे दी है। राज्यसभा ने कल प्रतिभूति अपील न्यायाधिकरण के पीठासीन अधिकारी के पद पर योग्य उम्मीदवारों का दायरा बढ़ाने के लिए इन संशोधनों को मंजूरी दी। लोकसभा इसे पहले ही पारित कर चुकी है। नया विधेयक इस बारे में राष्ट्रपति द्वारा घोषित अध्यादेश का स्थान लेगा।
-
सरकार ने सूचना का अधिकार संशोधन विधेयक, २०१३ को संसद की स्थायी समिति में भेजने का फैसला किया है। कार्मिक और लोक शिकायत राज्य मंत्री वी. नारायणसामी ने कल लोकसभा में यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि तत्कालीन मुख्य सूचना आयुक्त ने इस साल ३ जून को एक आदेश जारी करके सभी राजनीतिक दलों को आर टी आई कानून के दायरे में ला दिया था। उन्होंने कहा कि विभिन्न दलों द्वारा इस आदेश का सावधानीपूर्वक अध्ययन करने की ज+रूरत है।
-
संसद का मानसून सत्र एक दिन के लिए बढा दिया गया है। अब दोनों सदनों की बैठक कल यानी शनिवार सात सितंबर को भी होगी, ताकि महत्वपूर्ण विधायी कार्यों को निपटाया जा सके। मंत्रिमण्डल की संसदीय मामलों की समिति ने कल यह फैसला किया।
इससे पहले संसद का सत्र पांच दिन के लिए बढाया गया था, जो आज समाप्त होने वाला था।
-
केन्द्र, असम सरकार और अलग राज्य की मांग करने वाले असम के आंदोलनकारी संगठनों के बीच त्रिपक्षीय वार्ता कल नई दिल्ली में संपन्न हो गई। असम के गृह सचिव मुक्ति गोगोई ने बताया कि अलग बोडोलैंड की मांग पर बोडो नेशनल कांफ्रेंस और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट के साथ अलग-अलग बातचीत हुई। हमारे संवाददाता ने खबर दी है कि चार दिन तक चली त्रिपक्षीय वार्ता सकारात्मक माहौल में हुई।

वार्ता का अगला दौर अगले महीने के दूसरे हफ्ते में होगा। बैठक के पहले दिन ज्वाइंट एक्शन कमेटी फॉर ऑटोनोमस स्टेट संगठन ने कार्बी आंगलांग और दीमा हसाओ जिले को विलय कर स्वायत शासित राज्य की मांग की। दूसरी ओर कोच राजबंशी संगठनों द्वारा अलग कमतापुर राज्य के अलावा अनुसूचित जनजाति का दर्जा देने का मुद्दे को उठाया है। केंद्र ने सभी संगठनों से अपने-अपने प्रस्तावित राज्यों का ब्लूप्रिंट तैयार करने को कहा। मानस प्रतीम शर्मा आकाशवाणी समाचार, गुवाहाटी।
-

भारतीय रिज+र्व बैंक ने बैंकों से केवाईसी यानी अपने ग्राहक को जानो प्रक्रिया का सख्ती से पालन करने और निजता में दखल देने वाली तथा गैर जरूरी सूचना मांगने से बचने को कहा है। कल मुम्बई में जारी अधिसूचना में रिजर्व बैंक ने कहा कि उसे ऐसी कई शिकायतें मिली हैं कि आश्रितों की संख्या, जीवनशैली, परिवार के सदस्यों या विदेश में बसे रिश्तेदारों के विवरण, परिसंपत्तियों और दायित्वों, विवाह की तिथि और निवेश जैसी निजी सूचना मांग कर ग्राहकों की निजता में दखल दिया जा रहा है। रिज+र्व बैंक ने कहा है कि केवाईसी के लिए सिर्फ ज+रूरी अनिवार्य सूचना ही बैंक में खाता खोलते समय और बाद में आवश्यकता होने पर ली जानी चाहिए।
रिजर्व बैंक ने जमाकर्ताओं की मृत्यु होने पर उन खातों की दावेदारी निपटाने की प्रक्रिया को भी आसान बनाया है।
-
केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो-सी.बी.आई. ने कहा है कि वह इशरत जहां फर्जी मुठभेड़ मामले की जांच के सिलसिले में जेल में बंद आई.पी.एस. अधिकारी डी.जी. वंजारा के त्यागपत्र में लिखी बातों की जांच करेगी। सी.बी.आई. के निदेशक रंजीत सिन्हा ने कल नई दिल्ली में संवाददाताओं को बताया कि फर्जी मुठभेड़ मामले की जांच अंतिम चरण में है और इस सिलसिले में एक और आरोप-पत्र जल्दी दाखिल किया जाएगा। श्री सिन्हा ने बताया कि सी.बी.आई. ने इस मामले में पूरक आरोप-पत्र दाखिल करने के लिए न्यायालय से समय मांगा है।
-
भारतीय लेखिका सुष्मिता बनर्जी की अफगानिस्तान के पूर्वी पक्तिका प्रांत में उनके घर के बाहर अज्ञात बंदूकधारियों ने गोली मार कर हत्या कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि हमलावर प्रांत की राजधानी शराना में स्थित उनके घर पहुंचे उनके पति तथा परिवार के अन्य सदस्यों को बांध दिया और उसके बाद वे सुष्मिता को घर से बाहर ले गए और गोली मार दी। आतंकवादियों ने उनका शव बुधवार रात को एक मदरसे के बाहर फेंक दिया। ४९ वर्षीय सुष्मिता का विवाह एक अफगान व्यापारी से हुआ था। उनकी पुस्तक काबुलीवालेर बंगाली बोउ १९९५ की सबसे ज्यादा बिकने वाली पुस्तकों में शामिल थी। इसी विषय पर २००३ में बॉलीवुड फिल्म एस्केप फ्रॉम तालिबान बनाई गई थी।
-
संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून ने फिर कहा है कि सीरिया में जारी संघर्ष राजनयिक जरिये से हल किया जाना चाहिए और किसी भी पक्ष को हथियार मुहैया नहीं कराये जाने चाहिए। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की ओर से कल देर रात सेंट पीटर्सबर्ग में आयोजित जी-२० के रात्रि भोज को संबोधित करते हुए उन्होंने यह बात कही। सीरिया में जारी संघर्ष का मामला जी-२० शिखर बैठक की कार्यसूची में नहीं था और संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने श्री पुतिन का इस बात के लिए आभार व्यक्त किया कि उन्होंने इस समस्या को रात्रि भोज के दौरान उठाया।
-
मालदीव के चुनाव आयोग ने देश में दूसरा बहुदलीय चुनाव कराने की तैयारियां पूरी कर ली हैं। हमारे संवाददाता ने खबर दी है कि अंतर्राष्ट्रीय प्रेक्षकों ने चुनाव प्रबंधों की कुशल और व्यवस्थित तैयारी के लिए चुनाव कार्यालय की सराहना की है।

मालदीव में हालांकि केवल दो लाख ४६ हजार मतदाता हैं। यहां चुनाव करवाना आसान नहीं है। कुछ द्वीप तो ऐसे हैं जहां मतदाता कम होंगे और मतदान करवाने के लिए भेजे गए अधिकारी ज्यादा। मतदान विश्वभर की अनेक देशों की राजधानियों में और ४१ रिसौर्ट द्वीपों में भी करवाए जा रहे हैं जहां मालदीव के नागरिक रहते हैं। चुनाव पर नजर रखने के लिए दुनियाभर के पर्यवेक्षक आए हैं। यूरोपीयन संघ, राष्ट्रमंडल और भारत के पर्यवेक्षकों के मजबूत दल देश के विभिन्न भागों में पहुंच गए हैं। अभिषेक दयाल आकाशवाणी समाचार माले।
-
बिहार में बाढ़ की स्थिति और खराब हो गई है। इस मॉनसून के दौरान राज्य में बाढ़ के कारण अब तक १७६ लोगों की जान गई है। हमारे संवाददाता के अनुसार राज्य के आपदा प्रबंध विभाग ने बताया कि २० जिलों के लगभग ५९ लाख लोगों को बाढ़ के कारण घर छोड़कर दूसरी जगहों पर जाना पड़ा है।

गंगा और दूसरी नदियों के इस उफान को देखते हुए को निचले इलाकों को हाईअलर्ट पर रखा गया है। बाढ़ का पानी फैल जाने से दियारा इलाकों के ग्रामीण ऊंचे और सुरक्षित स्थानों पर पलायन कर गए हैं वहीं कुछ प्रभावित इलाकों के लोग बांध और रेलपटरियों के किनारे भी शरण लिए हुए हैं। प्रशासन की तरफ से हरसंभव मदद का दावा किया जा रहा है पर लोगों की शिकायत है कि राहत और बचाव कार्य और तेजी से चलाए जाएं। आकाशवाणी समाचार के लिए पटना से मैं दिवाकर कुमार।
-
महाराष्ट्र के कोयना क्षेत्र में कल रात १० बजकर दस मिनट पर भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता चार मापी गई। अधिकारियों ने बताया कि भूकंप का केन्द्र कोयना बांध से दस दशमलव चार किलोमीटर दूर था।
-
भारत के लिएंडर पेस और चेक गणराज्य के राडेक स्टेपानेक की जोड़ी न्यूयॉर्क में अमरीकी ओपन टेनिस के पुरूष डबल्स फाइनल में पहुंच गयी है। सेमीफाइनल में उन्होंने माइक ब्रायन और बॉब ब्रायन को ३-६, ६-३, ६-४ हराया। फाइनल में उनका मुकाबला ऑस्ट्रिया के अलेक्जेंडर पेया और ब्राजील के बु्रनो सुआरेज से होगा।
महिला डबल्स के सेमीफाइनल में भारत की सानिया मिजर्+ा और चीन की जी झेंग की जोड़ी ऑस्ट्रेलिया की ऐश्ले बार्टी और केजी डेलाक्वा से लगातार सेटों में हार गयी।
-
समाचार पत्रों

सरकार और विपक्ष के सुर एक-जनसत्ता सहित कई अखबारों ने न्यायिक नियुक्ति आयोग के गठन संबंधी संविधान संशोधन विधेयक राज्यसभा में पारित होने का जिक्र किया है। दैनिक जागरण लिखता है-न्यायपालिका की आलोचना में टूटी दलों की दीवारें। नई दुनिया के अनुसार-जजों पर शिकंजे के लिए सभी पार्टियां एकजुट।
आर्थिक संकट से निपटने को १०० अरब डॉलर का कोष-हिंदुस्तान का कहना है कि इस बारे में सेंट पीटर्सबर्ग में सहमति बन गई है। राष्ट्रीय सहारा ने प्रधानमंत्री के हवाले से लिखा-कठिन फैसले का समय आ गया है।
बृहस्पतिवार को शेयर बाजार और रूपये में उछाल पर दैनिक जागरण ने सुर्खी दी है-रघुराम की धुन पर बाजार मस्त। बिजनेस भास्कर को लगता है-राजन के कदमों से बाजार में उत्साह। इकनॉमिक टाइम्स ने उम्मीद की किरण जगाते हुए लिखा है-टॉप सी ई ओ ने कहा इकनॉमी का अब अच्छा होगा अंजाम।
पी एम बनने का सपना नहीं देखा-पंजाब केसरी सहित लगभग सभी अखबारों ने गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी का यह बयान छापा है।
नवभारत टाइम्स ने पी एफ खाता आज से ऑनलाइन होने की खबर दी है। जनसत्ता लिखता है कि गायब कोयला फाइलों को १० सितंम्बर तक ढूंढेगी सरकार।
अमर उजाला सहित कई अखबारों ने जी-२० सम्मेलन पर सीरिया संकट की छाया का जिक्र किया है।
ओलंपिक की रेस में नई रूकावट-नवभारत टाइम्स सहित कई अखबारों ने अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक समिति में भारतीय ओलंपिक संघ का प्रस्ताव नामंजूर होने की खबर पहले पन्ने पर दी है। वीर अर्जुन लिखता है ओलंपिक में वापसी का इंतजार बढ़ा। दैनिक जागरण की सुर्खी है-ओलंपिक बिरादरी से बाहर रहेगा भारत।
हिंदुस्तान ने एक वेबसाइट पर नौ रूपये किलो के भाव पर प्याज मिलने की खबर दी है

No comments:

Post a Comment