Tuesday 10 September 2013

दिनांक : ०९.०९.२०१३
समाचार संध्या
२०४५

मुख्य समाचार :-
  • उत्तर प्रदेश में मुजफ्फरनगर हिंसा की जांच इलाहाबाद उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति विष्णु सहाय करेंगे।
  • प्रधानमंत्री ने मुजफ्फरनगर हिंसा की निंदा की। स्थिति से निपटने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार को हर संभव सहायता का आश्वासन।
  • मणिपुर में सुरक्षा बलों के समक्ष १५५ उग्रवादियों का समर्पण।
  • भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण की आगामी नीलामी के लिए मोबाइल फोन एयरवेव की कीमत में ६० से ८० प्रतिशत की कटौती की सिफारिश।
  • श्री ममनून हुसैन ने पाकिस्तान के १२ वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली।
  • दिल्ली में सोने की कीमत ६२५ रुपये गिरकर ३१ हजार १०० रुपये प्रति दस ग्राम हुई।
  • काठमांडू में सैफ फुटबाल चैम्पियनशिप के फाइनल में भारत अफगानिस्तान से खेलेगा।
- - - - -
उत्तर प्रदेश सरकार ने मुजफ्फरनगर में हुई हिंसा के कारणों की जांच के लिए एक सदस्यीय आयोग के गठन का आदेश दिये हैं। इलाहाबाद उच्च न्यायालय के सेवानिवृत न्यायाधीश न्यायमूर्ति विष्णु सहाय इसकी जांच करेंगे। जांच आयोग से दो महीने में रिपोर्ट देने को कहा गया है। हिंसा प्रभावित मुजफ्फरनगर और शामली जिलों में फिर झड़पें होने की खबर है। गृह मंत्रालय ने राज्य सरकार से कहा है कि मुजफ्फरनगर के ग्रामीण इलाकों में हिंसा पर काबू पाने के लिए पर्याप्त संख्या में सुरक्षाबल तैनात करे। मंत्रालय ने उसे जिले कीं स्थिति के बारे में हर १२ घंटे में रिपोर्ट देने को कहा है। हिंसा में मरने वालों की संख्या ३१ हो गई है।

कानून और व्यवस्था के अतिरिक्त महानिदेशक अरूण कुमार ने लखनऊ में बताया कि हिंसा के सिलसिले में एक सौ तीस लोगों को गिरफ्तार किया गया है और एक हजार लोगों पर मामले दर्ज किये गये हैं। इनमें भारत किसान युनियन के नेता, भारतीय जनता पार्टी के चार विधायक और दो पूर्व सांसद शामिल हैं।

मुजफ्फरनगर और शामली में हिंसा भड़काने के लिए दर्ज एफआईआर में कम से कम ४० लोगों के नाम हैं। राजनीतिक नेताओं सहित ४० आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सघन तलाशी अभियान जारी है। विशेष कार्य बल के महानिरीक्षक के अनुसार हिंसा भड़काने के लिए १७ एफआईआर दर्ज की गईं हैं और २६ गिरफ्तारियां की गई हैं।

गृह मंत्रालय ने उत्तर प्रदेश, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर सहित सात राज्यों से अतिरिक्त सतर्कता बरतने और छोटी-मोटी झड़पों से प्रभावी तरीके से निपटने को कहा है, ताकि सांप्रदायिक दंगों की स्थिति पैदा न हो। सरकारी सूत्रों ने बताया कि इन राज्यों की सरकारों को, २०१४ के आम चुनाव को देखते हुए आगामी दिनों में ऐसी घटनाएं बढ़ने की आशंका के प्रति आगाह किया गया है।
------
प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को आश्वासन दिया है कि केंद्र सरकार हिंसा प्रभावित मुजफ्फरनगर जिले में स्थिति से निपटने के लिए हर संभव सहायता उपलब्ध कराएगी। प्रधानमंत्री ने क्षेत्र में शांति बहाली के लिए किये गये उपायों के बारे में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से बातचीत की। डॉक्टर सिंह ने हिंसा की निंदा की और इसमें निर्दोष लोगों के मारे जाने पर गहरा दुःख व्यक्त किया।

सूचना और प्रसारण मंत्री मनीष तिवारी ने कहा है कि उत्तर प्रदेश सरकार को हिंसा के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करनी चाहिए।

उत्तर प्रदेश की सरकार को यह पूरी कोशिश करनी चाहिए कि परिस्थिति नियंत्रण में आए। जो भी लोग इसके लिए जिम्मेदार हैं उनके ऊपर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए और जहां तक यू पी ए की सरकार का सवाल है इस बात के ऊपर प्रतिबद्ध रही है कि हर हालत में इस देश में साम्प्रदायिक सद्भाव बरकरार रखना चाहिए।

भारतीय जनता पार्टी ने केंद्र से हस्तक्षेप करने को कहा है और राज्य सरकार को बर्खास्त करने की मांग की है। पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने आरोप लगाया कि सांप्रदायिक हिंसा से निपटने में समाजवादी पार्टी सरकार का रिकॉर्ड निराशाजनक रहा है।
बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती ने उत्तर-प्रदेश में राष्ट्रपति शासन लगाने और राज्य सरकार को बर्खास्त करने की मांग की है।

उत्तर प्रदेश में घोर अव्यवस्था का माहौल गंभीर संवैधानिक संकट है जिस कारण सपा सरकार को बर्खास्त कर यहां तुरंत ही राष्ट्रपति शासन लगाने की आवश्यकता है।

मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी ने हिंसा से निपटने के लिए कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा है कि राज्य सरकार को शांति और सद्भाव बहाल करने के प्रभावी प्रयास करने चाहिए और इसमें सभी वर्गों के लोगों को शामिल करना चाहिए।
- - - - -
उच्चतम न्यायालय ने दंगों या इस प्रकार की अन्य घटनाओं के पीड़ितों को मुआवजा देने में राज्य के और बाहरी लोगों के बीच भेदभाव की जम्मू-कश्मीर सरकार की नीति पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। प्रधान न्यायाधीश पी सदाशिवम की अध्यक्षता वाली खंडपीठ ने इस नीति के औचित्य के बारे में जवाब नहीं देने के लिए राज्य सरकार को फटकार लगाई है। खंडपीठ ने राज्य सरकार को निर्देश दिया कि वे इस नीति की व्यवहारिकता के बारे में इस महीने की १६ तारीख तक शपथ पत्र दाखिल करें। न्यायालय ने यह निर्देश एक जनहित याचिका की सुनवाई करते हुए दिया। इस याचिका में किश्तवाड़ में कर्फ्यू के कारण फंसे तीर्थयात्रियों को पर्याप्त सुरक्षा देने और उन्हें वहां से निकालने के लिए केंद्र और राज्य सरकार को निर्देश देने की मांग की गई थी।
- - - - -
मणिपुर में चार गुटों के एक सौ ५५ उग्रवादियों ने आत्मसमर्पण कर दिया है। इन उग्रवादियों ने आज इम्फाल में एक समारोह में अपने हथियार सौंपे। उग्रवादियों के समर्पण से, केंद्र और राज्य सरकार द्वारा शुरू की गई शांति पहल को और बढ़ावा मिलेगा।
- - - - -
ओड़िशा में मल्कानगिरी में नौ माओवादियों ने आज पुलिस अधीक्षक के सामने समर्पण कर दिया। इनमें तीन महिलाएं हैं। आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों ने बताया कि वे सीपीआई-माओवादी में इसलिए शामिल हुए थे क्योंकि उन्हें बताया गया था कि पुलिस निर्दोष जन-जातीय लोगों पर अत्याचार करती है। उन्होंने कहा कि वे अब मुख्यधारा में शामिल होना चाहते हैं, क्योंकि उनके नेता माओवादी सिद्धांतों से हट गये हैं।
- - - - -
भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण-ट्राई ने आगामी नीलामी के लिए मोबाईल फोन एयरवेव की कीमत में ६० से ८० प्रतिशत की कटौती की सिफारिश की है। प्राधिकरण ने एक हजार आठ सौ मेगाहर्ट्‌स स्पेक्ट्रम में प्रति मेगाहर्ट्‌स १४ अरब ९६ करोड़ रूपये के पैन इंडिया आरक्षित मूल्य की सिफारिश की है। नौ सौ मेगाहर्ट्‌स बैंड में दिल्ली के लिए प्रति मेगाहर्ट्‌स दो अरब २८ करोड़ रूपये, मुबंई के लिए दो अरब ६२ करोड़ रूपये और कोलकाता के लिए एक अरब रूपये के आरक्षित मूल्य की सिफारिश की है।
- - - - -
सूचना और प्रसारण मंत्री मनीष तिवारी ने भारत निर्माण अभियान के लिए एक ऑनलाइन पोर्टल की आज शुरूआत की। इस पोर्टल पर भारत निर्माण अभियान के तहत आने वाली विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों के बारे में जानकारी उपलब्ध होगी। यह डिजिटल पोर्टल ११ क्षेत्रीय भाषाओं सहित हिंदी और अंग्रेजी में उपलब्ध है, जिससे एक ही स्थान पर सभी योजनाओं के बारे में जानकारी मिल सकेगी। यह पोर्टल, फेसबुक, ट्वीटर और यू-ट्यूब जैसे लाइव सोशल मीडिया से भी जुड़ा हुआ है।

इस अवसर पर श्री तिवारी ने आकाशवाणी की निःशुल्क समाचार एस एम एस सेवा का भी शुभारम्भ किया। इससे उपभोक्ताओं को निःशुल्क मुख्य समाचार उपलब्ध होंगे।

देश के पूर्वोत्तर और पश्चिमोत्तर तथा दूर दराज के क्षेत्रों में कोई घटना हो तो मुख्यधारा के लोगों को उससे अवगत कराया सके। इसके लिए हमने ये निश्चित किया है कि आकाशवाणी के समाचारों के साथ-साथ इसकी जानकारी एस एम एस के माध्यम से भी दी जाए।
- - - - -
सरकार देश को झुग्गी-झोंपड़ी मुक्त बनाने के लिए जल्द ही राजीव आवास योजना-आर ए वाई शुरू करेगी। आवास और शहरी गरीबी उन्मूलन मंत्री डॉक्टर गिरिजा व्यास ने आज नई दिल्ली में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए बताया कि इस योजना को २०१३ से २०२२ के दौरान चरणबद्ध तरीके से एक मिशन के रूप में लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने १२वीं पंचवर्षीय योजना के दौरान इस योजना के कार्यान्वयन के लिए ३२ हजार दो सौ तीस करोड़ रुपये मंजूर किए हैं।
- - - - -
प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह ने आज हिमाचल प्रदेश को आश्वासन दिया कि केन्द्र राज्य के बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत, पुनर्वास और पुनर्निर्माण के कार्यों के लिए राष्ट्रीय आपदा राहत कोष से पर्याप्त धनराशि उपलब्ध कराएगा। यह जानकारी आज मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को उस समय दी गई, जब वे अपने कैबिनेट मंत्रियों के प्रतिनिधिमंडल के साथ प्रधानमंत्री के निवास पर गए और डॉ. सिंह से अनुरोध किया कि राज्य को तत्काल वित्तीय सहायता उपलब्ध कराए।
- - - - -
श्री ममनून हुसैन ने आज पाकिस्तान के १२वें राष्ट्रपति के तौर पर शपथ ग्रहण की। पाकिस्तान के मुख्य न्यायाधीश इफतिखार मोहम्मद चौधरी ने आज उन्हें इस्लामाबाद में एवान-ए-सदर में आयोजित समारोह में शपथ दिलाई। भारत में जन्में ७३ वर्षीय हुसैन तीस जुलाई को देश के राष्ट्रपति चुने गये थे ।
- - - - -
सीरिया के राष्ट््रपति बशर अल असद ने चेतावनी दी है कि जो लोग सीरिया के खिलाफ सैनिक कार्रवाई करेंगे उन्हें इसका अंजाम भुगतना पड़ेगा। सीरिया पर अमरीका की संभावित सैन्य कार्रवाई पर उन्होंने कहा कि यदि ऐसा हुआ तो अमरीकी लोग किसी भी जवाबी कार्रवाई की उम्मीद कर सकते हैं। श्री असद ने ये टिप्पणी दमिश्क में अमरीकी टीवी चैनल सीबीएस से भेंटवार्ता के दौरान की।
- - - - -
पाकिस्तानी सेना ने आज शाम नियंत्रण रेखा से लगे जम्मू जिले के दो अग्रिम क्षेत्रों में संघर्ष विराम का उल्लंघन किया और भारतीय चौकियों को छोटे हथियारों तथा मशीन गनों से निशाना बनाया। रक्षा प्रवक्ता एस. एन. आचार्य ने बताया कि पाकिस्तानी सेना ने गिग्रियल और लोकीकन क्षेत्रों में भारत की अग्रिम चौकियों पर गोलीबारी की। सूचना मिलने तक जवाबी कार्रवाई जारी थी। किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
- - - - -
देश भर में गणेश चतुर्थी धार्मिक आस्था और उल्लास के साथ मनाई जा रही है। मुम्बई में इस त्योहार की विशेष धूम है। दस दिन तक लोग इस उत्सव को हर्षोउल्लास से मनायेंगे। हमारे संवाददाता ने बताया है कि मुंबई पुलिस ने प्रतीकात्मक लालबाग के राजा सहित गणेश मण्डलों के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए हैं।

आज मुम्बई में हर तरफ जोश और उत्साह का माहौल दिखाई दे रहा है। शहर के घरों घरों में और सार्वजनिक गणेश मंडलों में छोटी और बड़ी गणेश मूर्तियों की प्राण-प्रतिष्ठा भक्तिभाव से की गई। गणपति बाप्पा मोरिया के नारे लगाते हुए भक्त और श्रद्धालु लोग अपने घर प्रिय गणेश जी की मूर्तियों को आज सुबह ले आए। शहर भर में गणेश उत्सव के दौरान मुम्बई पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। अभिषेक कुमार, आकाशवाणी समाचार, मुम्बई।

राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, उपराष्ट्रपति मोहम्मद हामिद अंसारी और प्रधानमंत्री डॉ० मनमोहन सिंह ने गणेश चतुर्थी के अवसर पर देशवासियों को शुभ कामनाएं दी हैं।
- - - - -
दिल्ली सर्राफा बाजार में आज सोने के दाम ६२५ रूपये गिरे। प्रति दस ग्राम सोना ३१ हजार एक सौ रूपये में बिका। चांदी की कीमत में कोई खास परिवर्तन नहीं हुआ और यह ५४ हजार तीन सौ रूपये प्रति किलो पर बनी हुई है।
- - - - -
भारत की टीम सैफ फुटबाल चैम्पियनशिप के फाइनल में पहुंच गई है। काठमांडू में आज खेले गए सेमीफाइनल में भारत ने मालदीव को एक-शून्य से हराया। मैच का एकमात्र गोल ८६वें मिनट में भारत के अर्नब मंडल ने किया। हॉफ टाइम तक दोनों टीमें गोल रहित बराबरी पर थीं। फाइनल में बुधवार को भारत का मुकाबला अफगानिस्तान से होगा।
- - - - -
आकाशवाणी के समाचार सेवा प्रभाग से आज प्रसारित होने वाले साप्ताहिक कार्यक्रम पब्लिक स्पीक का विषय है राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा कार्यक्रमण् यह कार्यक्रम एफ एम गोल्ड चैनल और अतिरिक्त मीटरों पर रात साढ़े नौ बजे से प्रसारित किया जाएगा। श्रोता टेलीफोन नम्बर २ ३ ३ १ - ४ ४ ४ ४ पर सवाल पूछ सकते हैं।
दिल्ली से बाहर के श्रोता फोन नम्बर से पहले दिल्ली का कोड -० १ १
भी डायल करें।
यह कार्यक्रम दूरदर्शन के डीटीएच - डी डी डायरेक्ट प्लस पर भी उपलब्ध रहेगा।

No comments:

Post a Comment