Monday 5 August 2013

०५.०८.२०१३
दोपहर समाचार
१४१५
..........

मुख्य समाचार:-
  • संसद का मॉनसून सत्र आरंभ । अलग बोडोलैंड और एकीकृत आन्ध्रप्रदेश के मुद्दों को लेकर दोनों सदनों की कार्यवाही बाधित।
  • प्रधानमंत्री की विपक्ष से संसद की कार्यवाही सुचारू रूप से चलाने में सहयोग की अपील।  कहा - सरकार सभी मुद्दों पर चर्चा के लिए तैयार।
  • उच्चतम न्यायालय ने अबू सलेम के भारत  प्रत्यर्पण को पुर्तगाल की अदालत द्वारा समाप्त किये जाने के बाद उसके खिलाफ सभी कार्रवाई रद्द करने की उसकी याचिका खारिज की।
  • केरल में भारी वर्षा और भूस्खलन से १५ लोगों की मृत्यु।
  • रूपया डॉलर के मुकाबले १६ पैसे मजबूत। एक डॉलर साठ रूपये ९४ पैसे का हुआ।
  • विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप-२०१३ चीन के ग्वांगझू में शुरु।
----
संसद का मॉनसून सत्र आज से शुरू हो गया है। इस सत्र में १६ बैठकें होंगी। मॉनसून सत्र के पहले ही दिन दोनों सदनों की कार्यवाही में अलग बोडोलैण्ड राज्य और एकीकृत आन्ध्रप्रदेश की मांग को लेकर  शोर शराबे के कारण बाधा आई। 

राज्यसभा की कार्यवाही तीन बार, पहले दस मिनट के लिए, फिर १५ मिनट के लिए और फिर दो बजे तक स्थगित कर दी गई। राज्यसभा की कार्यवाही फिर शुरू हो गई है। 
    
लोकसभा में भी कार्यवाही इन्हीं मुद्दों को लेकर पहले १२ मिनट के लिए, फिर दो बजे तक और फिर तीन बजे तक स्थगित की गई। कांग्रेस और तेलगुदेशम पार्टी के सदस्य अलग तेलंगाना राज्य के गठन के प्रयास का विरोध कर रहे थे। उन्होंने एकीकृत आन्ध्रप्रदेश के पक्ष में नारे लगाये। पहले स्थगन के बाद कार्यवाही फिर शुरू होने पर शोर शराबे के बीच सदन के पटल पर कुछ दस्तावेज रखे गये। शोर शराबे जारी रहने के कारण दिन में तीन बजे तक कार्यवाही स्थगित कर दी गई। 
----
प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह ने विपक्ष से मॉनसून सत्र के दौरान संसद की कार्यवाही सुचारू रूप से चलाने की अपील की है और कहा है कि सरकार सभी मुद्दों पर चर्चा के लिए तैयार है। संसद के बाहर संवाददाताओं से बातचीत में डॉक्टर मनमोहन सिंह ने कहा कि पिछले दो-तीन सत्रों में हमने बहुत समय बर्बाद किया है, लेकिन उम्मीद है कि इस बार ऐसा नहीं होगा। उन्होंने कहा कि सरकार सदन में सभी मुद्दों पर बहस के लिए तैयार है। उन्होंने विपक्ष से यह सुनिश्चित करने का अनुरोध किया कि संसद का यह सत्र सही मायनों में रचनात्मक और लाभकारी रहे और इसके ठोस परिणाम निकलें। 
----
कॉरपोरेट मामलों का मंत्रालय जालसाजी के मामलों का पता लगाने के लिए चेतावनी प्रणाली विकसित कर रहा है। इस प्रस्तावित प्रणाली का परीक्षण इस साल पूरा हो जाने की संभावना है। राज्यसभा में यह जानकारी देते हुए कॉरपोरेट मामलों के मंत्री सचिन पायलट ने बताया कि पिछले तीन साल में १५४ कंपनियों के खिलाफ जालसाजी की शिकायतें मिली हैं। इनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। 
----
सरकार ने राज्यसभा को सूचित किया है कि १२वीं पंचवर्षीय योजना के दौरान मौजूदा ४० केन्द्रीय विश्वविद्यालयों को मजबूत बनाने पर जोर दिया जाएगा। इस अवधि के दौरान केवल दो नए केन्द्रीय विश्वविद्यालय स्थापित किये जाएंगे, जो बिहार में मोतीहारी और उत्तर प्रदेश में रायबरेली में होंगे।
----
लोकसभा उपचुनाव में विजयी पांच सदस्यों को आज शपथ दिलाई गई। ये हैं- राष्ट्रीय जनता दल के प्रभुनाथ सिंह, कांग्रेस की प्रतिभा सिंह, तृणमूल कांग्रेस के प्रसून बैनर्जी और भाजपा के हरिभाई पारथी भाई चौधरी तथा बिट्ठलभाई हांजरा भाई रडाडिया। लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार ने इस सदस्यों को शपथ दिलाई। इसके बाद प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने मंत्रिपरिषद में शामिल आठ मंत्रियों का परिचय कराया। 

सदस्यों ने विद्याचरण चरण शुक्ल और अरुण नेहरू सहित १३ पूर्व सदस्यों के निधन पर शोक व्यक्त किया।    राज्यसभा में सभापति मोहम्मद अंसारी ने डीएमके की कनिमोझी को शपथ दिलाई। सभापति ने पांच पूर्व सदस्यों के निधन पर शोक संदेश भी पढ़ा। 
----
संसद के दोनों सदनों ने आज उत्तराखंड में अचानक बाढ़ आने, चट्टानें गिरने और बादल फटने के कारण ५८० लोगों की मौत और कई लोगों के लापता होने पर गहरा शोक व्यक्त किया। दोनों सदनों में पीठासीन अधिकारियों ने छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में माओवादी हमले में पूर्व केन्द्रीय मंत्री विद्याचरण शुक्ल सहित २८ लोगों के मारे जाने पर भी शोक व्यक्त किया। सदस्यों ने श्रीनगर के बारजु+ला और हरिसिंह हाईस्ट्रीट हैदरपुरा बाइपास पर दो आतंकवादी हमलों में सेना और पुलिसकर्मियों सहित कई लोगों के मारे जाने पर शोक व्यक्त किया। दोनों सदनों ने बिहार में मिड डे मील खाने के बाद २३ बच्चों की मौत होने पर दुख व्यक्त किया। बोधगया में महाबोधि मन्दिर में नौ बम विस्फोटों का भी जिक्र किया गया।
----
संसद के दोनों सदनों ने आज अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में विशिष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाले टीमों और खिलाड़ियों को बधाई दी। इनमें चैम्पियन्स ट्राफी और जिम्बाब्वे में एकदिवसीय मैचों की श्रृखंला जीतने वाली क्रिकेट टीम, भारतीय तीरंदाजी टीम, महिला व्यक्तिगत शतरंज चैम्पियनशिप की विजेता, एशियाई केडिट कुश्ती चैम्पियनशिप में भाग लेने वाली भारतीय टीम, कोलम्बिया में पुरूषों की स्नूकर चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ी और जर्मनी में जूनियर महिला हॉकी विश्व कप में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय टीम को बधाई दी गई।
----
ये समाचार हमारी वेबसाइट-न्यूज ऑन ए आई आर डॉट एन आई सी डॉट आई एन पर भी उपलब्ध हैं।    हमारे प्रमुख बुलेटिनों के मुख्य समाचार ज्ूपजजमत / ंपत दमूे ंसमतजे और फेसबुक पेज ।सस पदकपं तंकपव दमूे 
पर भी देखे जा सकते हैं। 
                   ----
उच्चतम न्यायालय ने माफिया सरगना अबू सलेम के भारत को किये गये प्रत्यर्पण को पुर्तगाल की अदालत द्वारा समाप्त किये जाने के बाद उसके खिलाफ सभी कार्रवाई रद्द करने की उसकी याचिका को आज खारिज कर दिया। उच्चतम न्यायालय ने कहा है कि पुर्तगाल की संवैधानिक अदालत का फैसला मानने के लिए भारत बाध्य नहीं है। न्यायालय ने कहा कि सलेम का प्रत्यर्पण कानून की निगाह में अब भी वैध है। न्यायालय ने सी बी आई को सलेम पर टाडा और विस्फोटक सामग्री कानून के तहत लगाये गये अतिरिक्त आरोपों को वापस लेने की अनुमति दी। 
----
आन्ध्रप्रदेश में रायलसीमा और तटवर्ती क्षेत्रों में नगर निगम और राजस्व विभाग के कर्मचारी राज्य के विभाजन के खिलाफ काम का बहिष्कार कर रहे हैं। इन कर्मचारियों ने अपनी एसोसिएशनों के ७२ घंटे के विरोध की अपील पर सीमान्ध्र क्षेत्रों के १३ जिलों में अपने काम का बहिष्कार किया। नेल्लूर में विक्रम सिंहपुरी विश्वविद्यालय में आज से शुरू हो रही बी० एड० और कानून पाठ्यक्रमों की परीक्षाएं अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दी गई हैं। इन दोनों क्षेत्रों में विरोध प्रदर्शन जारी रहने के कारण आज लगातार छठे दिन जनजीवन प्रभावित है। बस सेवायें बड़े स्तर पर बाधित हैं जबकि कई स्थानों पर राजमार्गों पर रैलियों और प्रदर्शनों के कारण यातायात में बाधा आ रही है। एकीकृत आन्ध्र संयुक्त कार्रवाई समिति, निर्वाचित जन प्रतिनिधियों पर दबाव बढ़ा रही है और उनके त्यागपत्र की मांग कर रही है।
----
असम में अलग राज्य की मांग कर रहे ११ संगठनों के साझा मंच- स्वायत्त प्रदेश के लिए संयुक्त कार्रवाई समिति ने मुख्यमंत्री तरूण गोगोई के इस प्रस्ताव का स्वागत किया है कि प्रदर्शनकारी अगर हिंसा छोड दें तो उनके साथ बातचीत की जा सकती है। संगठन के वित्त सचिव ने बताया कि अगर सरकार उनके गिरफ्‌तार नेताओं को रिहा कर दे तो वे बातचीत के लिए तैयार हैं। इस बीच, कारबी आंगलोंग में स्थिति धीरे-धीरे सुधरने से दीफू में सुबह आठ बजे से छह घंटे के लिए और दोंगका मकाम में दिन में ११ बजे से चार घंटे के लिए कफ्‌र्यू में ढील दी गयी है। लेकिन हमारे संवाददाता ने बताया है कि भूमिगत गुट कारबी पीपल्स लिबरेशन टाइगर-के.पी.एल.टी के आज से १२ दिन के बंद के कारण लोगों को आवश्यक वस्तुएं खरीदने में परेशानी हो रही है। 
 
लगातार हो रहे विरोध प्रदर्शनों और बंद के कारण पूरे प्रदेश में जनजीवन प्रभावित हुआ है। प्रदर्शनकारियों ने आज राउटा और बिजनी में रेल और सड़क मार्ग दोनों को बंद कर रखा है। उधर धुबरी के सागोलिया चैक पोस्ट पर पांच सौ से ज्यादा माल से लदे ट्रक फंसे पड़े हैं। प्रदेश के कानून और व्यवस्था के ए डी जी ने कहा है कि ट्रक के ड्राइवर अगर गाड़ी को प्रभावित इलाके में चलाना चाहते हैं, तो उन्हें प्रशासन की तरफ से सुरक्षा दी जाएगी। इस बीच, बंद के कारण रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है और लोग जहां तहां रेलवे स्टेशनों पर हजारों की संख्या में फंसे हैं। उधर, भाजपा ने प्रदेश में राष्ट्रपति शासन की मांग की है। मानस प्रतिम शर्मा, आकाशवाणी समाचार, गुवाहाटी।
----
उधर, पश्चिम बंगाल में गोरखा जन मुक्ति मोर्चा के अनिश्चितकालीन बंद के आज तीसरे दिन भी दार्जिलिंग जिले में जनजीवन अस्तव्यस्त है। गोरखा जन मुक्ति मोर्चा ने तेलंगाना की तरह अलग गोरखालैंड राज्य बनाने की मांग को लेकर सरकार पर दबाव बनाने के लिए इस बन्द का आह्‌वान किया है। जिला मजिस्ट्रेट सौमित्र मोहन ने बताया कि कहीं से भी किसी अप्रिय घटना का समाचार नहीं है। कानून का उल्लंघन करने के आरोप में अब तक ४२ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। 
                    ----
प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह ने कहा है कि केन्द्र सरकार उत्तरप्रदेश में आई ए एस अधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल के निलम्बन के मुद्दे पर राज्य के अधिकारियों से सम्पर्क में है। 

इस तरह के मामले में नियम हैं और उनका पालन किया जाएगा। हम मामले का पूरा ब्यौरा लेने के लिए राज्य सरकार के सम्पर्क में है। 

केन्द्र ने कल उत्तरप्रदेश सरकार से सुश्री नागपाल के निलम्बन पर तुरन्त रिपोर्ट देने को कहा था। सुश्री नागपाल ने गौतमबुद्ध नगर इलाके में रेत माफिया के खिलाफ कार्रवाई की थी। यू पी ए अध्यक्ष और राष्ट्रीय सलाहकार परिषद की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर यह सुनिश्चित करने के लिए कहा था कि इस आई ए एस अधिकारी के साथ अन्याय न हो।
----
आकाशवाणी के क्षेत्रीय और राष्ट्रीय समाचार सुनने के लिए किसी भी एंड्रॉय्‌ड मोबाइल फोन पर गूगल प्ले स्टोर से ÷÷ऑल इंडिया रेडियो न्यूज एप्लीकेशन डाउनलोड करें। यह सेवा निःशुल्क है।
----
केरल में भारी वर्षा और भूस्खलन से १५ लोग मारे गए हैं। इडुक्की जिले में वर्षा से मरने वालों की संख्या ११ हो गयी है। इनमें तीन महिलाएं और दो लड़कियां शामिल है। थोडूपूजा के पास मलियानिजी में दो लोग लापता हैं। जिले में कई जगह भू-स्खलन हुआ है। नेरीयामन गालम-अदिमाली सड़क पर चियापरा के पास भू-स्खलन में चार लोगों की मौत हो गई। मलबा हटाने का काम जोरों पर है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि भू-स्खलन के कारण कई वाहन फंस गए हैं। 

पूरे राज्य में कल शाम से हो रही भारी वर्षा के कारण इडुक्की जिले में जानमाल का भारी नुकसान हुआ है। भूस्खलन के कारण जिले के पहाड़ी इलाकों का राज्य के बाकी हिस्सों से सम्पर्क टूट गया है। कई निचले इलाके बाढ़ की चपेट में हैं और अनेक प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया गया है। राहत और बचाव कार्य जोरों पर हैं। पड़ोसी जिलों से अतिरिक्त पुलिस बल को राहत और बचाव कार्य के लिए इडुक्की भेजा गया हैं। कोच्चि से राजमोहन की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं कनकलता।
    
राज्य में कई नदियां उफान पर हैं। कोचीन अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा का रनवे दोपहर बाद तीन बजकर २० मिनट तक के लिए बंद कर दिया गया है और उड़ानों को अन्य हवाई अड्डों से चलाया जा रहा है। 
----
केरल के मुख्यमंत्री ओम्मन चांडी ने बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित इड्डुकी जिले में राहत और बचाव कार्यों में मदद के लिए रक्षा मंत्रालय से अनुरोध किया है।  तिरूअनन्तपुरम में केरल में बाढ़ की स्थिति की समीक्षा के लिए हुई विशेष बैठक के बाद उन्होंने रक्षा मंत्री ए.के एंटनी से बातचीत की।
          ----
आन्ध्रप्रदेश में पिछले कुछ दिनों में भारी वर्षा से गोदावरी नदी में बाढ़ आने से २२ लोग मारे गये हैं। हैदराबाद में राज्य आपदा प्रबन्धन अधिकारियों ने बताया कि कल विभिन्न स्थानों पर सात लोगों की मृत्यु हुई, जिससे पिछले चार दिनों में बाढ़ से मरने वालों की संख्या २२ हो गई। इस बीच, जिलाधिकारियों ने व्यापक राहत कार्य शुरू किये हैं। 
----
उत्तरप्रदेश में बाढ़ की स्थिति गम्भीर बनी हुई है। राज्य में पहले से ही उफन रही नदियों का पानी मूसलाधार वर्षा के कारण और बढ़ रहा है। दो और लोगों की मौत होने से बाढ़ और वर्षा से सम्बन्धित घटनाओं में मरने वालों की संख्या १७७ हो गई है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि बाढ़ग्रस्त गाज+ीपुर और बलिया जिलों में आज दो लोगों के गंगा में डूब जाने की खबर है। 
 
केन्द्रीय जल आयोग का कहना है कि सूबे की लगभग सभी बड़ी नदियां खतरनाक ढंग से बह रही हैं। गंगा का जलस्तर इलाहाबाद के फाफामऊ, बनारस, गाजीपुर और बलिया में लगातार बढ़त पर है, जहां ये नदी खतरे के निशान से लगभग चालीस सैंटीमीटर से लेकर सवा दो मीटर तक ऊपर बह रही है। बनारस मे मणिकर्णिका और हरीशचन्द्र घाट समेत बहुत से घाट अभी भी जलमग्न हैं। मिराजुद्दीन, आकाशवाणी समाचार, लखनऊ।
----
बम्बई शेयर बाजार के शुरूआती कारोबार में आज सेन्सेक्स ४२ अंक के सुधार के साथ १९ हजार दो सौ छह पर खुला। अब से कुछ देर पहले यह १४ अंक की वृद्धि के साथ १९ हजार १७८ पर था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी चार अंक बढ़कर पांच हजार ६८२ पर था। अन्तरबैंक विदेशी मुद्राबाजार में डॉलर के मुकाबले रूपया आज १६ पैसे मजबूत हुआ। एक डॉलर की कीमत ६० रूपये ९४ पैसे हो गई।
  ----
विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप-२०१३ आज से चीन के शहर ग्वांगझू में शुरु हो गई है। विश्व वरीयता क्रम में तीसरे नम्बर की खिलाड़ी साइना नेहवाल के साथ ही पी.वी. सिंधू, पी. कश्यप और अजय जयराम सात दिन चलने वाली इस प्रतियोगिता में भारतीय चुनौती पेश कर रहे हैं। साइना और सिंधू आरम्भिक मैच में बाई लेकर महिला सिंगल्स के दूसरे दौर में पहुंच गई हैं। मिक्स्ड डबल्स में अपर्णा बालन और अरूण विष्णु तथा तरूण कोना और अश्विनी पोनप्पा हार गए हैं

No comments:

Post a Comment