Sunday 30 December 2012

पूरा उत्तर भारत शीत लहर की चपेट में है। उत्तरप्रदेश के विभिन्न जिलों में ठंड से ३ और लोगों की मृत्यु की खबर है। हमारे गोरखपुर संवाददाता ने खबर दी है कि राज्य में ठंड से मरने वालों की संख्या नवासी हो गई है।

पूर्वी उत्तर प्रदेश के गोरखपुर और पश्चिमी मंडलों में आज भी कोहरे और शीतलहर के कारण आज भी जनजीवन अस्तव्यस्त रहा, लेकिन वाराणसी और आसपास के जिलों में अच्छी धूप खिली। ठंडी हवा चलने के कारण दिन के तापमान में गिरावट बनी रही। मौसम विभाग के अनुसार पूर्वाचल के विभिन्न जिलों में दिन का अधिकतम तापमान सामान्य ९ डिग्री सेल्सियस तक नीचे रिकॉर्ड किया गया। रेल और बस सेवाएं कोहरे के कारण प्रभावित हैं। मौसम विभाग ने पूर्वी क्षेत्र में कोहरे का प्रकोप और बढ़ने तथा दिन का तापमान घटने की संभावना जताई है। सलमान हैदर आकाशवाणी समाचार, गोरखपुर

पंजाब और हरियाणा में दो दिनों की धूप और खुशगवार मौसम के बाद आज सुबह से ही इन दोनों राज्यों के अधिकतर भागों में ठंड और धुंध बढ़ गई है। हमारे संवाददाता ने मौसम विभाग के हवाले से खबर दी है कि हरियाणा के अंबाला, हिसार और करनाल तथा पंजाब के अमृतसर, लुधियाना और पटियाला में सामान्य रूप से कोहरा बना हुआ है जिससे रेल और वायुु तथा सड़क यातायात प्रभावित है।

आज सुबह से ही गहरा कोहरा छाए रहने के कारण पूरे क्षेत्र में सारे दिन जनजीवन प्रभावित रहा। सडक, रेल व हवाई सेवाओं पर असर पड़ा क्योंकि सारा दिन दृष्टता कम रही। सूरज थोड़ी देर के लिए ही नजर आया। चंडीगढ़ एयरपोर्ट से कई उड़ानों का समय बदला गया या रद्द की गई। रेलगाड़िया घंटों लेट चल रही हैं। कम दृष्टता के कारण अंबाला में एक ट्रक व कार के बीच टक्कर होने से चार व्यक्तियों की मृत्यु हो गई है। मौसम का ठंडे बने रहना रबी फसलों के लिए तो लाभदायक है लेकिन लंबे समय तक कोहरे का छाए रहने सब्जियों, फलों व चारे के लिए नुकसान दे हो सकता है। जसविन्दर सिंह रंधावा

राजस्थान के श्रीगंगानगर में सबसे अधिक ठंड पड़ रही है। जहां तापमान शून्य दशमलव छः डिग्री रिकार्ड किया गया है। 

राजस्थान में तापमान में गिरावट और ठंडी हवाओं के चलने से सर्दी का असर बढ़ गया है। राज्य के श्रीगंगानगर जिले में पारा जमाव बिन्दु के आसपास बना हुआ है। राजधानी जयपुर से चलने वाली लम्बी दूरी की रेलगाड़ियां कोहरे के कारण कई घंटे से देरी से चल रही है। कोहरे के कारण विमान सेवाओं पर भी असर पड़ा है। बेसहारा लोगों को राहत दिलाने के लिए कई गैर सरकारी संगठनों ने राजधानी सहित कई शहरों में रैन बसेरों की व्यवस्था की है। मुरारी गुप्ता आकाशवाणी समाचार जयपुर

हिमाचल प्रदेश के अधिकतर भागों में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है और रात का तापमान एक से तीन डिग्री नीचे तक पहुंच गया है लेकिन राजधानी शिमला में बर्फबारी न होने से पर्यटक मायूस नजर आ रहे हैं। 

हिमाचल में यह संभवतः मौसम परिवर्तन का ही प्रभाव है कि राजधानी शिमला में पिछले एक दशक में नववर्ष के समीप केवल दो ही बार हिमपात हुआ है। ऐसा लगता है कि इस वर्ष भी नया साल बिना हिमपात के ही दस्तक देगा क्योंकि साल के अंतिम दिन आज अच्छी तेज धूप खिली और आसमान साफ रहा। नववर्ष की पूर्व संध्या पर हिमपात होने की उम्मीद में शिमला सैलानियों से खचाखच भर चुका है, होटलों में तिल धरने की जगह नहीं है। मौसम विभाग द्वारा अगले चार दिन में मौसम साफ रहने की भविष्यवाणी ने शैलानियों की हिमपात देखने की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है।
शिशु शर्मा शांतल, आकाशवाणी समाचार शिमला

इधर, राष्ट्रीय राज्यधानी दिल्ली में भी आज सुबह से ही कड़ाके की ठंड पड़ रही है। दिन का तापमान सामान्य से नीचे गिर गया है। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान १७ डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया हैं जो सामान्य से चार डिग्री नीचे है।

No comments:

Post a Comment