Sunday, 6 January 2013


०६.०१.२०१३
दोपहर समाचार
१४१५
मुख्य समाचार : -
  • प्रधानमंत्री कल केरल में दो खरब+ रूपये की बी पी सी एल कोच्चि रिफाइनरी विस्तार परियोजना की आधारशिला रखेंगे।
  • पश्चिम बंगाल में पश्चिमी मेदिनीपुर जिले में एक मकान में आग लगने से छह लोगों की मृत्यु।
  • समूचे उत्तर भारत में शीत लहर जारी। दिल्ली में आज इस मौसम का सबसे कम न्यूनतम तापमान पारा एक दशमलव नौ डिग्री सेल्सियस तक लुढ़का।
  • तीसरे और अन्तिम एकदिवसीय अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट टैस्ट मैच में भारत के छह विकेट पर ११७ रन।
---    
प्रधानमंत्री कल केरल के अम्बलामुगल में दो खरब+ रूपये की कोच्चि रिफाइनरी विस्तार परियोजना की आधारशिला रखेंगे। डॉ० मनमोहनसिंह दो दिन की केरल यात्रा पर कल कोच्चि पहुंचेंगे। इस परियोजना के विस्तार से इसकी वार्षिक क्षमता मौजूदा ९५ लाख मीट्रिक टन से बढ़कर एक करोड़ ६५ लाख मीट्रिक टन हो जाएगी। 
डॉ० सिंह मंगलवार को कोच्चि में ११वें प्रवासी भारतीय दिवस का विधिवत्‌ उद्घाटन करेंगे। तीन दिन के इस आयोजन में विश्व के विभिन्न भागों से दो हजार से अधिक प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। इस दौरान खाड़ी क्षेत्र में प्रवासी भारतीयों के बारे में एक सेमीनार भी होगा। इस सेमिनार का उद्घाटन अप्रवासी भारतीय मामलों के मंत्री वायलार रवि करेंगे। 
राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी बुधवार को समारोह के समापन पर विदाई भाषण देंगे और प्रवासी भारतीय सम्मान पुरस्कार वितरित करेंगे।
---
कांग्रेस ने महिलाओं के प्रति अपराधों के कानून कड़े बनाने के लिए न्यायमूर्ति जे एस वर्मा समिति को अपने सुझाव दे दिए हैं। सुझावों में फास्ट ट्रैक अदालतें गठित करने और आयु सीमा में कमी लाकर बाल अपराध अधिनियम की फिर से परिभाषा तय करना शामिल लगता है। 
पार्टी महासचिव जनार्दन द्विवेदी ने बताया कि समिति को सुझाव भेज दिए गए हैं। समिति का गठन पिछले वर्ष २३ दिसंबर को किया गया था। समिति से मौजूदा कानूनों की समीक्षा करने को कहा गया था ताकि निर्मम यौन उत्पीड़न के मामलों में तेजी से न्याय और अधिक सजा दिलाई जा सके। समिति को तीस दिन में रिपोर्ट पेश करने को कहा गया है।
---
गुजरात में सूरत के पास हजीरा बंदरगाह स्थित इंडियन ऑयल कारर्पोशन के डीजल भंडारण टैंकों में लगी आग पर नियंत्रण कर लिया गया है। 
यह आग कल डीजल भंडारण के टैंकर संख्या ४ में विस्फोट के बाद लगी थी । पैट्रोलियम मंत्री वीरप्पा मोइली स्थिति का जायजा लेने के लिए घटनास्थल पर पहुंच गये हैं। सूरत के जिला कलेक्टर ने इस बात की पुष्टि की है कि इस दुर्घटना में मारे गये दो लोगों के शव निकाल लिये गये हैं। इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के सूत्रों का हवाला देते हुए हमारे अहमदाबाद संवाददाता ने खबर दी है कि पिछले तीन दिनों से टैंक से डीजल का रिसाव हो रहा था। इसके लिए मरम्मत का काम चल रहा था। 
---
छत्तीसगढ़ में राजधानी रायपुर से करीब १३० किलोमीटर दूर गरियाबंद जिले में डबनाही नाला के निकट माओवादियों द्वारा रखे गए विस्फोटक के फटने से तीन पुलिसकर्मी घायल हो गये। इनमें एक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शामिल है। हमारे संवाददाता ने खबर दी है कि यह घटना आज तड़के करीब चार बजे हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि माओवादियों ने एक पेड़ गिराकर रायपुर-मैनपुर मार्ग अवरूद्ध कर दिया है। पुलिस को घटनास्थल पर एक बैग मिला जिसे खोलने के प्रयास में विस्फोट हो गया। सभी घायलों को रायपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल ने क्षेत्र में तलाशी के दौरान एक अन्य बम बरामद किया। इसे निष्क्रिय करने के लिए बमरोधी दस्ते की सेवायें ली गई। 
---
असम में सुरक्षा बलों ने आज सुबह ग्वालपाड़ा जिले के नबांग बाजार क्षेत्र में प्रतिबंधित गारो नेशनल लिब्रेशन आर्मी-जी एन एल ए के एक उग्रवादी को मार गिराया। ग्वालपाड़ा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि क्षेत्र में छह से सात उग्रवादी छिपे हैं। इस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस और सेना ने संयुक्त अभियान चलाया। उग्रवादियों के साथ हुई गोलीबारी में एक उग्रवादी मारा गया। छिपे हुए उग्रवादियों को पकड़ने के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। घटनास्थल से एक कार्बाइन भी बरामद की गई।
---
राज्य में उल्फा से जुड़े ८ लोगों को कल विभिन्न जगहों से गिरफ्तार किया गया। सरकारी सूत्रों ने बताया कि एक पूर्व सूचना पर कार्रवाई करते हुए सुरक्षा बलों ने उल्फा के तीन सदस्यों को कल नलबाड़ी जिले से गिरफ्तार किया। एक अन्य घटना में तिनसुकिया जिले से पुलिस ने उल्फा से जुड़े पांच अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया। 
इस बीच सभी थानों को किसी भी तरह की अनहोनी टालने के लिए अलर्ट कर दिया गया है। 
---
पश्चिम बंगाल में मेदनीपुर जिले के झारग्राम में आज सुबह आग लगने की एक दुर्घटना में ६ व्यक्ति मारे गये। झारग्राम के पुलिस अधीक्षक भारती घोष ने आकाशवाणी संवाददाता को बताया कि एक मकान में आग लगने से यह दुर्घटना हुई। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि इलेक्ट्रिक शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी। 
---
समूचे उत्तर भारत में शीतलहर जारी है। राजधानी दिल्ली में तापमान का गिरना जारी है। आज न्यूनतम तापमान इस मौसम का सबसे कम १ दशमलव ९ डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से ५ और कल से २ दशमलव ९ डिग्री सेल्सियस कम है। कल अधिकतम तापमान में भी गिरावट आई थी और यह १२ दशमलव ६ डिग्री सेल्सियस हो गया था। यह सामान्य से ८ डिग्री सेल्सियस कम है। 
इस बीच राजधानी में कोहरे के कारण रेल और सड़क परिवहन लगातार प्रभावित हो रहा है। दिल्ली आने वाली १३ से अधिक रेलगाड़ियां रद्द करनी पड़ी है। ४० रेलगाड़ियां घंटों देरी से चल रही हैं। इंदिरा गांधी हवाई अड्डे पर हालांकि, हलका कोहरा है लेकिन विमानों की आवाजाही आज लगातार दूसरे दिन सामान्य बनी हुई है। 
---
उधर, जम्मू कश्मीर के पूरे जम्मू क्षेत्र में शीतलहर की स्थिति बनी हुई है। जम्मू में दिन का तापमान पिछले २० वर्षों में सबसे कम, ८ दशमलव ४ डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो सामान्य से लगभग ७ डिग्री सेल्सियस कम है। ब्यौरा हमारे संवाददाता से-

घनी धुंध और जबरदस्त ठंड से जम्मू के मैदानी इलाकों में सामान्य जन-जीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। कोहरे के कारण दूर तक देखने में परेशानी होने से हवाई, रेल और सड़क यातायात पर इसका अत्यंत प्रतिकूल असर पड़ा है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले कुछ दिनों में जम्मू के मैदानी इलाकों में लोगों को इसी तरह के मौसम का सामना करना पड़ सकता है। आकाशवाणी समाचार के लिए जम्मू से मैं चंद्रकांत शर्मा। 
---
पंजाब, हरियाणा और चण्डीगढ़ में भी तापमान सामान्य से लगभग पांच डिग्री सैल्सियस नीचे दर्ज किया गया है। हरियाणा में नारनौल शून्य डिग्री सैल्सियस तापमान के साथ सबसे अधिक ठंडा रहा। पंजाब में अमृतसर में सबसे कम तापमान रिकार्ड किया गया। पंजाब और केन्द्रशासित प्रदेश चण्डीगढ़ के प्राथमिक स्कूल इस महीने की १४ तारीख तक बंद कर दिये गये हैं। 
---
उत्तरप्रदेश में भी सरकारी सूत्रों के अनुसार कड़ाके की ठंड के कारण राज्य में १४३ लोगों की मौत हो चुकी है। सर्दी के कारण स्कूलों की छुट्टियां इस महीने की नौ तारीख तक बढ़ा दी गई हैं। 
---
इस बीच, पूरा राजस्थान कड़ाके की ठंड की चपेट में है। पिछले १२ घंटों के दौरान राजस्थान के ज्यादातर स्थानों पर तापमान में १ से ३ डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। राजस्थान के एक मात्र पहाड़ी क्षेत्र माउंटआबू में पिछले तीन दिनों से तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस पर है। 
 
राज्य के दस से ज्यादा जिलों में शीतलहर की स्थिति बनी हुई है। आज चुरू, सीकर , जयपुर जिलों में कई खुले स्थानों पर सुबह बरफ की हल्की परत देखी गयी। भीषण को ठंड को देखते हुए राज्य सरकार ने जयपुर और जोधपुर जैसे बड़े शहरों में रेनबसेरों की शुरूआत की है। जहां शरण लेने वालों की संख्या बढ़ रही हैं। इन रेनबसेरों में ठंड से बचाव के लिए कंबल और रजाइयां भी उपलब्ध करावाए जा रहे हैं इसके अलावा कई स्वयंसेवी संगठन भी रेनबसेरों में भोजन की व्यवस्था करने में जुटे हुए है।जयपुर में आज मौसम का सबसे ठंडा दिन है जहां सुबह न्यूनतम तापमान तीन दशमलव दो डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अनुराग वाजपेयी, आकाशवाणी समाचार, जयपुर।
---
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने कहा है कि पेयजल की बर्बादी और अन्य कार्यों के लिए जल के बेजा इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए कड़े कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने आशंका व्यक्त की कि प्रदेश को शीघ्र ही सूखे के हालात का सामना करना पड़ सकता है। पुणे के पास मंजरी में कल श्री चव्हाण ने कहा कि पुणे, मराठवाड़ा और विदर्भ के कुछ इलाकों सहित प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में जल संकट की स्थिति बनी हुई हैं और स्थिति भविष्य में और भी गंभीर हो सकती हैं। यह पहला मौका है जब राज्य में पीने के लिए भी पर्याप्त जल नहीं है। इसलिए, नए हालात में कड़े कदम उठाना आवश्यक हो गया हैं। 
मौके पर मौजूद केंद्रीय कृषि मंत्री शरद पवार ने भी ऐसे कड़े कदम उठाने की जरूरत बताई और राज्य सरकार को प्रदेश में ड्रिप सिंचाई को बढ़ावा देने का सुझाव दिया।
---
नई दिल्ली में आज फिरोजशाह कोटला स्टेडियम में खेले जा रहे भारत और पाकिस्तान के बीच तीसरे और अंतिम एक दिवसीय मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। अंतिम रिपोर्ट आने तक भारत ने६ विकेट पर १२० रन बना लिये हैं। एकबार फिर, भारतीय टीम के बड़े बल्लेबाज पाकिस्तानी गेंदबाजों के आगे घुटने टेकते नजर आये। टीम से आज वीरेन्द्र सहवाग और अशोक डिंडा को हटाकर उनकी जगह अजिंकिया रहाणे और शम्मी अहमद को शामिल किया गया। पाकिस्तानी टीम में अजहर अली को हटाकर उमर अकमल को खेलाया जा रहा है। इस श्रृंखला में पाकिस्तान दो मैच जीतकर भारत पर २-० से बढ़त बनाये हुए है । 
---
पाकिस्तान में सैनिकों ने आज देश के उत्तर पश्चिम में ओराकजई कबायली क्षेत्र में एक कार्रवाई के दौरान आठ उग्रवादियों को मार गिराया। रक्षा सूत्रों ने मीडिया को बताया कि इस अभियान के दौरान आतंकवादियों के छिपने के दो ठिकाने नष्ट कर दिये गये। 
खैबर कबायली क्षेत्र में एक अन्य घटना में जमरूद इलाके में गोलीबारी की घटना में तीन व्यक्ति मारे गये और दो घायल हो गये।
इससे पहले, कल रात बलूचिस्तान प्रान्त में आतंकवादियों ने एक यात्री रेलगाड़ी पर हमला किया और चार लोगों को मार डाला। इस हमले में दस से अधिक लोग घायल हुए। 
---
नेपाल में कल रात भक्तपुर में आग की एक दुर्घटना में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों में एक मॉं और उसकी दो बेटियां शामिल हैं। पुलिस को सन्देह है कि सर्दी से बचाव के लिए घर में निर्धारित अग्नि स्थल पर रखी आग पूरी तरह बुझाये जाने में हुई लापरवाही के कारण यह आग लगी। पुलिस के अनुसार आग के कारण २० लाख रूपये मूल्य से अधिक की सम्पत्ति का नुकसान हुआ है। 
---
दुबई में चल रही कालीन प्रदर्शनी में विश्व की लगभग पचास कंपनियां भाग ले रही हैं। इनमें भारत, चीन, ईरान, अफगानिस्तान और तुर्कमेनिस्तान की कंपनियां शामिल हैं। एक महीने की इस प्रदर्शनी का आयोजन दुबई सीमा शुल्क विभाग ने वर्ल्ड ट्रेड सैन्टर में किया है। ये प्रदर्शनी इस महीने की १४ तारीख तक चलेगी। 
भारतीय कंपनियों का कहना है कि उन्हें पड़ोसी देशों की कंपनियों से कड़ी प्रतिस्पर्द्धा का सामना करना पड़ रहा है। उनका ये भी कहना है कि मध्य एशिया और उत्तर अफ्रीका क्षेत्र की मांग को देखते हुए भारतीय कालीनों के निर्यात की काफी संभावनाएं हैं। 
---
उत्तर प्रदेश में सरकार ने दुधवा राष्ट्रीय बाघ अभ्यारण्य के लिए विशेष बाघ सुरक्षा बल के गठन को मंजूरी दी है। हमारे लखनऊ संवाददाता ने सरकारी सूत्रों के हवाले से खबर दी है कि राज्य के लखीमपुर खीरी जिले में स्थित दुधवा राष्ट्रीय बाघ अभ्यारण्य में बाघों के शिकार को रोकने के लिए यह विशेष बल गठित किया जा रहा है। राज्य सरकार ने घोषणा की है कि इस विशेष बल में ११२ कार्मिक होंगे जिनकी सेवाएं गृह विभाग से स्थानांतरित कर वन विभाग को सौंप दी जाएंगी।
---
राष्ट्रीय कैडेट कोर - एनसीसी देश के विभिन्न भागों में विभिन्न चरणों में साठ और इकाइयां स्थापित करेगा। नई दिल्ली में गणतंत्र दिवस २०१३ के शिविर का उद्घाटन करते हुए एनसीसी के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल पी.एस. भल्ला ने कहा कि इस समय एनसीसी में तेरह लाख कैडेट हैं। उन्होंने यह भी कहा कि नई इकाइयों में महिला कैडेटों को अधिक अवसर दिया जाएगा। 
देश के विभिन्न राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों के दो हजार से अधिक कैडेट शिविर में भाग ले रहे हैं।

No comments:

Post a Comment